Faridabad Terror Module: आतंकी साजिश में जुड़े महिला डॉक्टर के तार? पूछताछ जारी
Terror Module: फरीदाबाद में आतंकी साजिश के कारण डॉक्टर मुजम्मिल को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जिस कार से एके-47 आदि हथियार मिले हैं, वो महिला डॉक्टर की है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल।
Terror Module: फरीदाबाद में आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आतंकी डॉ. मुजम्मिल शकील को गिरफ्तार किया। उसे फरीदाबाद की अल्फलाह यूनिवर्सिटी के कॉलेज से गिरफ्तार किया गया। उसके एक किराए के घर से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट मिला है। वहीं उसके दूसरे किराए के कमरे में 2563 किलोग्राम संदिग्ध विस्फोटक मिला। पुलिस ने किराए पर कमरा देने वाले मकान मालिक मौलाना को भी हिरासत में ले लिया है। वहीं अब इस मामले में नया मोड़ आया है। जांच में सामने आया है कि जिस कार में AK-47 राइफल और कारतूस मिले हैं, वो कार एक महिला डॉक्टर की है।
बता दें कि आतंकी मुजम्मिल की निशानदेही पर कार को बरामद किया गया था। आतंकी मुजम्मिल इस स्विफ्ट कार को चलाता था। ये कार अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कार्यरत महिला डॉक्टर की है। हालांकि अभी उनके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। इस कार से एक पिस्टल, दो पिस्टल मैगजीन, 8 राउंड और दो खाली खोखे भी मिले हैं। वहीं आतंकी की गाड़ी में हथियार मिलने के बाद उनकी गाड़ी का नंबर सामने आया था। उसके बाद लेडी डॉक्टर खुद जम्मू पुलिस के पास पहुंचीं। पुलिस संदिग्ध लेडी डॉक्टर से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉक्टर मुज्जमिल शकील के दो किराए के घर से बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। पहले छापेमारी के दौरान धोज गांव से 360 किग्रा विस्फोटक सामग्री मिली थी। वहीं अब 2560 किलोग्राम संदिग्ध विस्फोटक फतेहपुर तगा गांव में मिला है। जांच एजेंसियों ने इस विस्फोटक सामग्री को उठाने के लिए ट्रक मंगाए हैं। अब तक इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कमरे से बरामद हुईं ये चीजें
- जानकारी के अनुसार, 1 कैननकॉक असॉल्ट राइफल और 3 मैगजीन के साथ ही 83 लाइव कारतूस बरामद किए गए हैं।
- इसके अलावा 1 पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 2 खाली कारतूस, दो मैगजीन बरामद किए हैं।
- साथ ही 8 बड़े सूटकेस मिले हैं।
- पुलिस को 4 छोटे कारतूस मिले हैं।
- 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट मिले हैं।
- 20 टाइमर्स बरामद किए गए हैं।
- 4 बैटरी वाले टाइमर्स मिले हैं।
- 24 रिमोट बरामद किए गए।
- 5 किलो हैवी मैटल बरामद हुए।
- वॉकी-टॉकी सेट मिला है।
- इलेक्ट्रिक वायरिंग और एक बाल्टी बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में विस्तृत जांच की जा रही है। इस आतंकी साजिश में कुछ और लोगों को शामिल होने के संकेत मिले हैं। मुजम्मिल अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़े हमले की तैयारी में था।