LPG Cylinder Blast: फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी के घर में फटा सिलेंडर, धमाके से गिरी छत, 4 घायल

LPG Cylinder Blast: फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि मकान की छत गिर गई। इसके कारण घर में मौजूद लोग मलबे में दब गए।

Updated On 2025-10-14 17:02:00 IST

फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी के घर में सिलेंडर फटने से गिरी छत।

Faridabad LPG Cylinder Blast: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी के एक घर में खाना बनाते समय सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से धमाका इतना तेज हुआ कि मकान की छत गिर गई। इससे घर में मौजूद 4 लोग मलबे में दबने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें 2 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं।

घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि सभी घायलों में से एक बच्चे की हालत नाजुक है। डॉक्टरों ने उसे फरीदाबाद से राजधानी दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया है। घायलों की पहचान पारुल, नेहा, अनीता और दवांग के रूप में की गई है।

धमाके से उड़ी मकान की छत

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी में रोहित नाम का शख्स अपनी पत्नी औरबच्चों के साथ किराए के मकान में रहता है। मकान मालिक राजीव ने बताया कि सोमवार देर रात को रोहित की पत्नी पारुल खाना बना रही थी। खाना बनाते समय अचानक एलपीजी गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जोरदार धमाके की आवाज से मकान की छत भरभराकर गिर गई।

आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनी, तो तुरंत भागकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने देखा कि मकान की छत गिर गई है। लोगों ने तुरंत मलबे के नीचे दबे लोगों को निकाला और पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

कैसे हुआ हादसा?

इस दर्दनाक हादसे में परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें पारुल (33), नेहा (30), अनीता (2) और दवांग (2) शामिल हैं। घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इनमें से दवांग की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस इस हादसे की जांच में जुट गई। पुलिस का कहना है कि अभी तक सिलेंडर फटने की सही वजह पता नहीं चल पाई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

बता दें कि रसोई घरों में ऐसी घटनाएं आए दिन देखने को मिल रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि ईंधन का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरती जाए, जिससे इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News