Disha patani house firing case: बॉलीवुड एक्ट्रेस के घर फायरिंग में हरियाणा के दो बड़े शूटरों का एनकाउंटर

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में हरियाणा के दो कुख्यात शूटरों का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। ये शूटर गोल्डी बराड़ व रोहित गोदारा गैंग के बताए जा रहे हैं। जानें पूरी कहानी।

Updated On 2025-09-17 22:19:00 IST

एक्ट्रेस दिशा पटानी के घर फायरिंग केस में हरियाणा के दो शूटर एनकाउंटर में हुए ढेर। 

Disha patani house firing case : गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी बुधवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के केस में बड़ी कार्रवाई हुई। हरियाणा STF, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी STF की संयुक्त टीम ने एनकाउंटर में दो कुख्यात शूटरों को ढेर कर दिया। पुलिस के मुताबिक मारे गए अपराधियों की पहचान रोहतक निवासी रविंद्र और सोनीपत निवासी अरुण के रूप में हुई है। दोनों बदमाश गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हुए थे और उन पर एक-एक लाख का इनाम घोषित था।

चेकिंग के दौरान मुठभेड़

STF अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7:22 बजे गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान दो संदिग्ध युवक बाइक पर आते दिखे। पुलिस को देखते ही उन्होंने दिशा बदल ली और भागने लगे। जब टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में STF का एक जवान घायल हुआ, जबकि बदमाशों की गोलियां पुलिस की जीप पर भी लगीं। कुछ ही देर की मुठभेड़ के बाद दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से एक ग्लॉक पिस्टल, एक जिगाना पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही एक सफेद अपाचे बाइक भी मिली है। माना जा रहा है कि यही बाइक 12 सितंबर को बरेली में दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग के दौरान इस्तेमाल की गई थी।

CCTV और जांच से जुड़े सुराग

STF अधिकारियों ने बताया कि घटना के वक्त बदमाशों के हुलिए की पुष्टि CCTV फुटेज से हुई थी। दिशा पाटनी के घर फायरिंग के दौरान अरुण सफेद शर्ट और रविंद्र नीली टी-शर्ट पहने नजर आए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों पेशेवर शूटर थे और कई वारदातों में शामिल रहे हैं। ADG अमिताभ यश के अनुसार, रविंद्र के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज थे। इनमें सबसे गंभीर केस दिसंबर 2024 का है, जब उसने फतेहाबाद में पुलिस एस्कॉर्ट पर हमला कर अपराधी रवि जागसी को छुड़ाने की कोशिश की थी। वहीं, अरुण के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।

संतों पर टिप्पणी के बाद की थी फायरिंग

12 सितंबर को तड़के करीब 3:30 बजे यूपी के बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी। दो बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। उस समय घर के भीतर दिशा की मां पद्मा पाटनी, पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी और बहन खुशबू पाटनी मौजूद थीं। फायरिंग की आवाज से परिवार दहशत में आ गया। हालांकि, अभिनेत्री दिशा पाटनी उस समय मुंबई में थीं। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली। फेसबुक पर पोस्ट डालकर लिखा गया कि यह हमला संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पर दिए गए बयान के विरोध में किया गया। गैंग ने इसे सिर्फ ट्रेलर बताते हुए अगली बार बड़ी वारदात की धमकी भी दी थी।

यह भी पढ़ें : दिशा पाटनी के घर फायरिंग की गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी

खुशबू पाटनी का विवादित बयान

इस विवाद की जड़ दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी का बयान माना जा रहा है। 30 जुलाई को उन्होंने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन रिलेशनशिप वाले बयान का तीखा विरोध किया था। खुशबू ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि अगर यह व्यक्ति सामने आता तो मैं इसे समझा देती कि मुंह मारना किसे कहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे प्रवचन राष्ट्रविरोधी हैं और इनका समर्थन करने वाले समाज के नामर्द हैं। उनकी टिप्पणी के बाद से ही सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छिड़ गई थी। कई धार्मिक संगठनों ने इसे आपत्तिजनक करार दिया था, जबकि कुछ युवाओं ने उनका समर्थन भी किया था। इसी विवाद के बाद दिशा पाटनी के घर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।

गैंगस्टर कनेक्शन पर पुलिस की नजर

पुलिस अब इस मामले में गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग की भूमिका पर गहराई से जांच कर रही है। इन गैंगों का नेटवर्क हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-NCR में फैला हुआ है। सूत्रों का कहना है कि बॉलीवुड से जुड़े हाई प्रोफाइल मामलों में ये गैंग अक्सर डर फैलाने और वसूली के लिए फायरिंग जैसी घटनाएं करते रहे हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
Tags:    

Similar News