Haryana Congress controversy: पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की पदयात्रा पर कांग्रेस में रार, जेपी ने उठाए सवाल

हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह पांच अक्टूबर से पूरे प्रदेश की पदयात्रा पर निकलेंगे। इसे लेकर कांग्रेस के ही सांसद जयप्रकाश ने इस यात्रा के औचित्य पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated On 2025-10-04 10:53:00 IST

कांग्रेस के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की पदयात्रा पर सांसद जयप्रकाश ने उठाए सवाल।

Haryana Congress controversy : हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व सांसद 5 अक्टूबर से जींद के दनोदा से सद्भाव यात्रा शुरू करेगी। यह यात्रा करीब सात माह चलेगी और सभी 90 हलकों से गुजरेगी। पहले चरण के सवा महीने में यात्रा 14 हलकों को कवर करेगी। इस यात्रा की तैयारी को लेकर शुक्रवार को उन्होंने उचाना में कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। दूसरी ओर, कांग्रेस के पूर्व सांसद जयप्रकाश ने यात्रा पर सवाल उठाए हैं।

जेपी बोले-2016 में क्यों नहीं निकाली यात्रा

जयप्रकाश ने अपनी ही पार्टी के बृजेंद्र सिंह पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सद्भाव यात्रा की अब कोई जरूरत नहीं है। जब इसकी वास्तव में जरूरत थी, तब यह यात्रा क्यों नहीं निकाली। जेपी ने कहा कि सद्भाव यात्रा निकालने में अब देरी हो चुकी है। यह यात्रा 2016 में निकाली जानी चाहिए थी, जब 35 से अधिक युवा मारे गए थे।

किसान आंदोलन के वक्त क्यों नहीं निकाली यात्रा

जयप्रकाश ने किसान आंदोलन का संदर्भ लेते हुए भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 700 से अधिक किसानों की मौत हुई थी। उस समय भी ऐसी यात्राओं की जरूरत थी, जब कोई नेता यात्रा निकालकर तीन कृषि कानूनों के फायदे गिनाने नहीं पहुंचा।

पार्टी की ओर से नहीं मिला यात्रा का संदेश

जयप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से उन्हें यात्रा में शामिल होने का संदेश नहीं मिला है। उन्होंने कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में ये कांग्रेस कमजोर दिखने पर भाजपा में चले गए थे। ऐसे लोग मलाई खाने गए थे और हवा देखकर दल बदलते हैं। जेपी ने कहा कि यदि सद्भाव यात्रा की जरूरत पड़ी, तो वह खुद निकालेंगे और किसी दूसरे की यात्रा में शामिल नहीं होंगे।

हर हलके में दो दिन बिताएंगे बृजेंद्र सिंह

सद्भाव यात्रा की तैयारियों को लेकर उचाना शहर में बैठक हुई, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने बताया कि 5 अक्टूबर को दनोदा गांव से यात्रा शुरू करेंगे। पहले चरण में सवा महीने में 14 विधानसभा क्षेत्र को कवर करेंगे। यात्रा दो दिन नरवाना में रहेगी और 7 अक्टूबर को कलायत पहुंचेगी। इसके बाद नांगल चौधरी जाएंगे। यह यात्रा सात महीने तक चलेगी, जिसमें प्रत्येक हलके में दो दिन लगेंगे।

भाईचारे और कांग्रेस को मजबूत करना लक्ष्य

बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा का मुख्य लक्ष्य कांग्रेस का हाथ भाईचारे के साथ नारे के तहत समाज में भाईचारे को कायम रखना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में भेदभाव पैदा कर रही है। वहीं, यात्रा का एक और उद्देश्य कांग्रेस को मजबूत बनाना है। एससी और बीसी वर्ग के लोगों को कांग्रेस से जोड़ना भी है। इस दौरान बेरोजगारी, खेती, कानून व्यवस्था, लोकतंत्र पर हो रहे हमले और वोट चोरी के मुद्दे भी उठाए जाएंगे। स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।

किसी प्रकार का विरोधाभास नहीं

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि वह भाईचारे के मुद्दे पर यात्रा को लेकर चल रहे हैं। यदि इसके बावजूद यात्रा के खिलाफ कोई आदमी है, तो उसकी बुद्धि पर तरस आता है। हमारा किसी प्रकार का विरोधाभास नहीं है। एक समाज में एकता बनाने के लिए एक कोशिश है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
Tags:    

Similar News