Geeta Mahotsav 2025: कुरुक्षेत्र में 21 दिन चलेगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया शेड्यूल

CM Nayab Singh Saini: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान 'अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव' को लेकर जानकारी दी।

Updated On 2025-11-03 13:01:00 IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। 

CM Nayab Singh Saini: चंडीगढ़ में आज 3 नवंबर सोमवार को प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव' को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 10 वां अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 21 दिनों का होगा, जो 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा। सीएम ने कहा कि इस साल गीता का ज्ञान दिए जाने के 5163 साल पूरे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि गीता के ज्ञान से हर कोई आगे बढ़ सकता है। पूरा विश्व गीता की वाणी से कनेक्ट है। गीता महोत्सव में देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होते हैं। सीएम सैनी ने कहा कि गीता महोत्सव में मध्यप्रदेश सहयोगी राज्य रहेगा, वहीं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में 16 देशों के लोग शामिल होंगे।

सरोवर पर होगी महाआरती

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम सैनी ने कहा कि महोत्सव के दौरान हर रोज ब्रह्म सरोवर पर भव्य गीता महाआरती की जाएगी। वहीं अलग-अलग भाषाओं में श्रीमद्भागवत की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। गीता प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेले का आयोजन होगा। इसके साथ ही बलराम कुश्ती दंगल का आयोजन भी किया जाएगा। सीएम सैनी ने बताया कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। उन्होंने कहा कि 15 देशों के लोग इस महोत्सव में जुड़ेंगे।

महोत्सव शुरू होने से पहले कई कार्यक्रमों का आगाज हो जाएगा, जिसमें 4 से 14 नवंबर तक ऑनलाइन गीता क्विज, 15 नवंबर को गीता रन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक शिल्प और सरस मेला लगाया जाएगा। शाम के वक्त पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रम कौन से होंगे?

महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा, जिसमें हरियाणा पवेलियन, पार्टनर स्टेट, पुस्तक मेला, जनसंपर्क विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य मंच पर दिन और सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम, 24 नवंबर को गीता यज्ञ, गीता पूजन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, सर्वधर्म सम्मेलन, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर श्रीमद् भगवद गीता और पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

क्या रहेगा शेड्यूल?

  • 25 नवंबर को विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर कथा, पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
  • 26 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का समापन और पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
  • 27 नवंबर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
  • 28 से 30 नवंबर को शिक्षा विभाग की तरफ से गीता श्लोकोच्चारण, वाद विवाद, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हेगा।
  • 1 दिसंबर को सुबह 9 बजे से ज्योतिसर में गीता पाठ और यज्ञ, थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ, विश्वविद्यालय में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन होगा। शाम साढ़े 5 बजे सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव, 6 बजे ब्रह्मसरोवर पर दीपदान और आरती, पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

सीएम सैनी ने दी बधाई

सीएम सैनी ने प्रेस वार्ता में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति APJ अब्दुल कलाम ने कहा था कि जिसे शांति और श्रद्धा की आवश्यकता महसूस होगी, तो उसे गीता के मार्ग पर ही चलना होगा। सीएम ने आगे कहा कि गीता महोत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने से अलग पहचान मिली है। इसके साथ ही सीएम सैनी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को जीतने पर उन्हें बधाई दी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News