Flood in Punjab: बाढ़ में घिरे पंजाब की मदद को आगे आया हरियाणा, सीएम नायब सैनी ने बढ़ाए हाथ
हरियाणा अपने पड़ोसी राज्य पंजाब की बाढ़ के संकट के समय मदद के लिए आगे आया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल खोलकर भगवंत सिंह मान को पत्र लिखा और बड़ी बात कही है।
पंजाब में बाढ़ के हालात के चलते सीएम नायब सैनी ने मदद के लिए लिखा पत्र।
Flood in Punjab : पंजाब में आई बाढ़ की भयावह स्थिति को देखते हुए हरियाणा ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। इस समय पंजाब के करीब 7 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। पानी में बहने से माधोपुर में 2 व गुरदासपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पठानकोट में भी तीन लोग लापता हैं। हजारों एकड़ फसल व घर डूबे हुए हैं। ऐसे में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अच्छे पड़ोसी होने के नाते पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान को पत्र लिखा है।
इस वजह से पंजाब में आई बाढ़
पंजाब के कई डैम में पानी का स्तर बहुत ज्यादा होने की वजह से मजबूरी में फ्लड गेट खोलने पड़े। इस वजह से सात जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हिमाचल और जम्मू में हुई भारी बारिश के कारण गुरुवार दोपहर ढाई बजे पौंग डैम के भी फ्लड गेट खोले गए। यहां पानी का डेंजर लेवल 1390 फीट को क्रॉस कर चुका था। सबसे बुरी हालत पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर व फाजिल्का जिले में हैं। यहां लगभग 150 से ज्यादा गांव बाढ़ प्रभावित हैं। अमृतसर के भी 25 गांव बाढ़ की चपेट में है। सीएम भगवंत मान फील्ड में उतरकर जायजा ले रहे हैं। पठानकोट के रणजीत सागर बांध के भी 4 गेट खोले गए हैं। बुधवार शाम रावी नदी में उफान से पठानकोट में माधोपुर हेडवर्क्स का फ्लड गेट भी टूट गया था।
सेना और सुरक्षा एजेंसियां बचाव में जुटी
पंजाब में बाढ़ के हालात इतने खतरनाक हैं कि वहां सेना को बुलाया गया है। फिरोजपुर में 2000 से ज्यादा लोगों को बचाकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया। सेना, एनडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां राहत व बचाव कार्य में लगी हैं। बाढ़ प्रभावित एरिया में जमीन व पानी दोनों जगह चलने वाले वाहनों को उतारा गया है ताकि राहत कार्य में तेजी लाई जा सके। फिरोजपुर पहुंचे सिंचाई मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि 1988 और 2023 की बाढ़ के मुकाबले पानी बहुत अधिक है।
हरियाणा के सीएम ने मदद की पेशकश की
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब को सीएम भगवंत मान को पत्र लिखकर मदद की पेशकश की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संवेदना जताते हुए पंजाब सरकार और वहां के लोगों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने पत्र लिखकर कहा है कि पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति से उत्पन्न कठिनाइयों के बारे में जानकार मुझे अत्यंत दुख हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में हमारे पंजाब के भाई-बहन भारी कष्ट झेल रहे हैं। हरियाणा सरकार और हरियाणा की जनता इस कठिन समय में पंजाब के साथ खड़ी है। यदि आपको किसी भी प्रकार की सहायता, राहत सामग्री, बचाव दल, चिकित्सीय सहायता या अन्य संसाधन की आवश्यकता हो तो कृपया मुझे निसंकोच अवगत कराएं। मैं आपको हर संभव सहायता आप जहां कहेंगे वहां तुरंत पहुंचवाने का आश्वासन देता हूं। हमारा उद्देश्य है कि इस संकट की घड़ी में प्रभावित हर व्यक्ति को शीघ्रतिशीघ्र राहत पहुंचाई जा सके।
यह भी पढ़ें : लाडो लक्ष्मी योजना 25 सितम्बर से होगी शुरू, महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये महीना