Lado Laxmi Yojna update: हरियाणा में 25 सितम्बर से 20 लाख महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये महीना

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दी लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी।
Lado laxmi yojna update : हरियाणा में भाजपा ने अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट मीटिंग के बाद बताया कि 25 सितंबर 2025 से महिलाओं के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू हो जाएगी। प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता राज्य सरकार देगी। हालांकि अभी प्रदेश की हर महिला को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके लिए कई शर्ते लगाई गई हैं।
करीब 20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकार ने इस योजना के लिए पहले ही 5000 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। योजना का लाभ शुरुआती चरण में राज्य की करीब 20 लाख महिलाओं तक पहुंचेगा। सीएम सैनी ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हमारे संकल्प पत्र का अहम हिस्सा है और इसे हम गीता के समान मानते हैं।
कौन-कौन ले सकेगा योजना का लाभ?
मुख्यमंत्री सैनी ने लाडो लक्ष्मी योजना की पात्रता शर्तें भी स्पष्ट कीं।
आयु सीमा : 25 सितंबर 2025 तक जिन महिलाओं की उम्र 23 साल या उससे ज्यादा होगी, उन्हें योजना का लाभ मिलेगा।
वैवाहिक स्थिति : विवाहित और अविवाहित, दोनों प्रकार की महिलाएं इसमें शामिल होंगी।
आय सीमा : पहले चरण में 1 लाख रुपये से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों को इस योजना में शामिल किया जाएगा।
निवास की शर्त : महिला खुद यदि अविवाहित है और यदि विवाहित है तो उसका पति हरियाणा में कम से कम 15 साल से मूल निवासी होना चाहिए।
एक परिवार में कितनी महिलाएं? : योजना के तहत एक परिवार की सभी पात्र महिलाएं इसका लाभ उठा सकती हैं। यानी अगर एक परिवार में तीन महिलाएं पात्र हैं तो तीनों को 2100 रुपये मासिक मिलेंगे।
किन्हें नहीं मिलेगा लाभ?
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जिन महिलाओं को पहले से पेंशन मिल रही है, उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। हालांकि, सरकार ने एक विशेष प्रावधान भी रखा है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाएं जैसे स्टेज 3 और 4 कैंसर मरीज, 54 सूचीबद्ध दुर्लभ बीमारियों की रोगी महिलाएं, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल से जूझ रही महिलाएं लाडो लक्ष्मी योजना का अतिरिक्त लाभ लेने के लिए भी पात्र होंगी।
पेंशन की उम्र पूरी होते ही ऑटोमैटिक जुड़ाव
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाडो लक्ष्मी योजना से जुड़ी महिलाएं जैसे-जैसे उम्र की सीमा पार करेंगी, वे खुद अन्य पेंशन योजनाओं में शामिल हो जाएंगी। 45 वर्ष की आयु पूरी होते ही विधवा और निराश्रित महिला पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाएंगी। 60 साल पूरे होते ही महिलाएं स्वतः ही वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना में जुड़ जाएंगी।
आवेदन कैसे करेंगे?
- योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगी।
- सरकार एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करेगी, जिस पर महिलाएं घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगी।
- प्रत्येक संभावित लाभार्थी महिला को SMS भेजकर आवेदन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
- सभी पात्र महिलाओं की सूची ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी।
- ग्राम सभा और वार्ड सभा को इस सूची पर आपत्ति दर्ज करने का अधिकार भी होगा।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 6-7 दिनों में योजना की गजट नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी।
हमारा संकल्प पत्र गीता के समान
सीएम सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत’ विज़न के चार स्तंभों में महिलाओं की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक शक्ति मिल सके। सैनी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारा संकल्प पत्र गीता के समान है। हम जो वादा करते हैं, उसे निभाते हैं। विपक्षी दल चुनाव जीतने के बाद घोषणापत्र भूल जाते हैं, लेकिन हमारी सरकार ने जनता से किए वादों को धरातल पर उतारने का काम किया है।
चौ. देवीलाल और दीनदयाल दोनों की है जयंती
लाडो लक्ष्मी योजना को भाजपा ने दीनदयाल उपाध्याय के नाम से जोड़ा है, जो भारतीय जनसंघ के पूर्व अध्यक्ष व आरएसएस के चिंतक रहे। 25 सितम्बर को उनकी जयंती है। वहीं, हरियाणा में बुजुर्गों के लिए पेंशन शुरू करने वाले पूर्व उपप्रधानमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. देवीलाल की भी 25 सितम्बर को ही जयंती है।
