कैप्टन अभिमन्यु बोले: कांग्रेस को पहले से हार का आभास, बिहार में बनेगी एनडीए की सरकार

पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस ने अतीत में भी देश की राजनीति में परिवावाद का जहर घोलने का काम किया है। ऐसी बयानबाजी कर कांग्रेसी बीच चुनाव मैदान छोड़कर कांग्रेसी अब भाग रहे हैं।

Updated On 2025-11-10 17:59:00 IST

पूर्व वित्तमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु।

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु का कहना है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को बिहार चुनावों में हार का अंदाजा हो गया है कि बिहार के चुनाव परिणाम एनडीए के पक्ष में एक तरफा जा रहे हैं। उन्हें हार के बारे में जो भी दोषारोपण करना था, उन्होंने यह काम समय से पहले कर दिया है। जब जनता के बीच में रहने का वक्त है, उस वक्त कांग्रेस के दिये तले अंधेरा हो गया है। 

पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु चंडीगढ़ में इलेक्ट्रानिक मीडिया द्वारा पूछे जा रहे सवालों का जवाब दे रहे थे। चुनाव परिणामों के पहले ही कांग्रेस ने हार स्वीकार कर ली है, जनता भी इस बात को समझ चुकी है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर इस तरह के लोग बैठे हुए हैं, जो कांग्रेस के आरोपों की पोल खोल देते हैं। कांग्रेस के अंदर वरिष्ठ नेता ही खुद कांग्रेस छोड़ते वक्त बोल चुके हैं कि कांग्रेस के दिये तले अंधेरा है। कांग्रेस ने अतीत में भी इस देश की राजनीति में परिवारवाद का जहर घोलने का काम किया है, हरियाणा प्रदेश में लोगों ने स्याही पैन बदलते हुए देखा है। 

कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों को हराने का काम खुद की पार्टी के लोग करते हैं। वोटों के सौदागर सबसे ज्यादा कांग्रेस के अंदर हैं। उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा कि हमने हमेशा ही जनमत का सम्मान किया है, जनता ने जो भी फैसला दिया है, उस फैसले को दिल से हमने स्वीकार किया है। भाजपा उसके बल पर ही आज विश्व में सबसे बड़ा संगठन बनकर उभरा है।

नेता विपक्ष और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा हरियाणा में भी गड़बड़ी के आरोपों पर कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ समझती है, खुद को वकील बताने वाले लोगों को बेवकूफ समझते हैं। अगर हुड्डा आज गड़बड़ी की बात कर रहे हैं, फिर वे अदालत क्यों नहीं गए ? कोई शिकायत क्यों नहीं की ? उन्हें देश के संविधान और न्याय व्यवस्था में भरोसा है, तो जाना चाहिए था ? वे इसलिए नहीं गए क्योंकि उनमें नैतिक बल नहीं है ?

भाजपा अपने संकल्प पत्र के वादे पूरे कर रही

पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि गत 11 साल में विस की सारी बहस को सुना है। इसके साथ ही जनता के बीच में रहकर महसूस किया है कि विपक्ष पूरी तरह से नदारद है, विपक्ष अपनी भूमिका नहीं निभा रहा है। विपक्ष कुछ लोगों के मुद्दों और आंदोलन का सहारा लेकर सवारी करने में जुटा है। केवल बयानबाजी और बिना तथ्यों के दावे करते हैं। 

जनता के बीच में उनके भाषण और पीसी में भी सत्य नहीं बोलते अगर कुछ साक्ष्य, तथ्य दें, तो सरकार उसमें बदलाव कर बेहतरी का कदम उठा सकती है। उनके कोई मुद्दे जनहित के नहीं बल्कि अपने परिवार को आगे बढ़ाने के हैं। जनता यह जानती है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बढ़िया काम कर रहे हैं, सहज और सुलभ उपलब्ध हैं। प्रदेश में इस तरह का माहौल कभी नहीं रहा।

कांग्रेस के कार्यकाल से बेहतर कानून व्यवस्था

पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सरकार की ओर से अपराधियों को संरक्षण नहीं है, जैसा कि पूर्व की सरकारों में हुआ करता था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल से बेहतर कानून व्यवस्था है। उनके कार्यकाल में गैंगस्टर को संरक्षण दिया जाता था, जिसके कारण जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर किया हुआ है। मानेसर जमीन लैंड को लेकर उन्होंने कहा कि न्यायालय की व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले हुड्डा की शब्दावली संकेत कर रही है कि वे कानून के शिकंजे में खुद को असहज मान रहे हैं।

वाई पूर्ण कुमार और एएसआई का विषय बेहद ही कष्ट दायक

पूर्व मंत्री और भाजपा नेता ने कहा कि पूरा मुद्दा बहुत ही कष्टपूर्ण है, हरियाणा पुलिस और चंडीगढ़ पुलिस की एसआईटी पूरे मामले में जांच करने में लगी हुई है। निश्चित तौर पर जांच अपने अंजाम तक जाएगी, दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। वर्दी पहनने वाले कर्मचारी और अधिकारियों का विवेक इतना मजबूत होना चाहिए ताकि कठिन से कठिन परिस्थितियों को झेल सकें। उनका जाना वास्तव में पीड़ादायक है, उनके परिवार के साथ में मेरी संवेदनाएं हैं।

Tags:    

Similar News