हरियाणा भाजपा में संगठन विस्तार: 18 जिलों की भाजपा कार्यकारिणी बनाने पर मंथन, जल्द होंगी नियुक्तियां

हरियाणा भाजपा में सभी जिलों की कार्यकारिणी बनाने पर लगातार मंथन चल रहा है। शुक्रवार को पंचकूला में 18 जिलों के बारे में विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के 6 जुलाई के हरियाणा दौरे के बारे में भी चर्चा हुई।

Updated On 2025-07-04 20:21:00 IST

पंचकूला भाजपा कार्यालय में संगठन विस्तार को लेकर विचार-विमर्श करते भाजपा नेता।

हरियाणा भाजपा में संगठन विस्तार : हरियाणा में भाजपा अपने संगठन विस्तार को लेकर लगातार मंथन कर रही है। संगठनात्मक विषयों को लेकर भाजपा की दूसरे दिन भी पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में बैठक हुई। बैठक में 18 जिलों की कार्यकारिणी पर विचार-विमर्श हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष का दावा-जल्द होगी कार्यकारिणी की घोषणा

दूसरे दिन शुक्रवार को जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ हुई बैठक में संगठन की तरफ से चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द प्रदेश के सभी संगठनात्मक 27 जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और निष्ठावान कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत है। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्रहित और भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकतर्का पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।

प्रदेश के हर बूथ पर सुनी जाएगी पीएम के मन की बात

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार ने कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए हैं ताकि शिव भक्तों को कोई दिक्कत या परेशानियों का सामना ना करना पड़े। बड़ौली ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘‘मन की बात’ के 123वें एपिसोड को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में 20 हजार 387 बूथों पर सुना है और सरल एप पर अपलोड किया है। उन्होंने कहा कि इस बार 242 बूथ बच गए, लेकिन आगे आने वाले समय में 100 प्रतिशत पीएम मोदी के कार्यक्रम मन की बात को सुना जाए और अपलोड किया जाए इस प्रकार की व्यवस्था तैयार कर ली है।

6 जुलाई को होगा भाजपा के तीन जिला कार्यालयों का उद्घाटन

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में 22 जिले हैं जिनमें भाजपा के 17 जिला कार्यालयों का उद्घाटन हो चुका है। अब 6 जुलाई को झज्जर, सिरसा और कुरुक्षेत्र के जिला कार्यालयों का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। उन्होंने कहा कि दो जिले पानीपत और महेंद्रगढ़ बचे हैं। इन दोनों जिलों के जिला कार्यालय भी लगभग 15 अगस्त तक तैयार हो जाएंगे।

Tags:    

Similar News