मौसम को लेकर बड़ा अपडेट: आज शाम तक 9 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना, विभाग ने जारी किया अलर्ट

हरियाणा में इन दिनों हररोज मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में आंधी व बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Updated On 2025-06-01 16:11:00 IST

महाराष्ट्र में भारी बारिश का रेड अलर्ट: कोंकण और घाट क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका

मौसम को लेकर बड़ा अपडेट : हरियाणा के करीब नौ जिलों में सायं 6 बजे तक तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, रोहतक, हिसार व आसपास के क्षेत्रों में तेज धूलभरी हवाएं चलने व कहीं-कहीं गरजचमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

झज्जर और भिवानी में बारिश से मिली राहत

हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रविवार को झज्जर और भिवानी में हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। झज्जर में सुबह के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि दोपहर बाद भिवानी में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जून में मानसून की रफ्तार में थोड़ी गिरावट आ सकती है, लेकिन इसके बावजूद अच्छी वर्षा की उम्मीद बरकरार है।

अगले दो दिन भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने हरियाणा में 2 जून को भी बारिश की संभावना जताई है। चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, पलवल व मेवात में 25 से 50 प्रतिशत व जींद, हिसार, रोहतक, झज्जर, पानीपत, सोनीपत, फतेहाबाद व सिरसा में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। वहीं, 3 जून को भी पूरे हरियाणा में बरसात होगी। प्रदेश के 6 जिलों जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी में 50 से 75 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। वहीं, फतेहाबाद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में 25 से 50 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। सिरसा, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व झज्जर में 25 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है।

इस बार सामान्य से ज्यादा रहेगी बारिश

इस बार मानसून सामान्य से बेहतर रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि हरियाणा में इस वर्ष सामान्य से 114% तक वर्षा हो सकती है। यह औसतन 438 मिमी बारिश से 5 से 10 प्रतिशत अधिक हो सकती है। राज्य में आमतौर पर मानसून 24 से 29 जून के बीच पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके कुछ दिन पहले सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि इस बार कृषि के लिए अनुकूल मौसम बन सकता है, जिससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News