Narela Viral Video: नरेला में आदमी पर रॉड और लाठियों से हमला, पत्नी लगाती रही मदद की गुहार, पुलिस जांच में जुटी
Narela Viral Video: पुलिस ने शख्स की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Narela Viral Video: दिल्ली के नरेला में अस्पताल जा रहे एक दंपत्ति पर अज्ञात व्यक्तियों ने लोहे की छड़ों और लाठियों से हमला कर दिया। मदद के लिए पत्नी लोगों से आसपास खड़े लोगों से गुहार लगा रही है और शख्स को बचाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, लोगों ने उसकी गुहार को नजर अंदाज कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी- पुलिस
पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर कहा कि ये 28 जनवरी का है और जिस व्यक्ति की पिटाई की गई है, वह इलाके का घोषित बदमाश है और जो महिला उसे बचाने का प्रयास कर रही है, वह उसकी पत्नी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों अस्पताल जा रहे थे, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने उसे घेर कर हमला कर दिया। पीड़ित की पहचान दीपक के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए श्रद्धा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह होलांबी खुर्द का रहने वाला था। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने आरोपी की पहचान कर ली है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Delhi Crime: द्वारका में बदमाशों के हौसले बुलंद, घर पर ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां, CCTV में कैद हुई घटना
नरेला में भीड़ ने झपटमार को पीटा
दो सप्ताह पहले दिल्ली के नरेला में मोबाइल फोन चोरी के आरोप में भीड़ ने तीन लोगों की निर्वस्त्र कर पिटाई की थी। कुछ ही समय बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दिल्ली पुलिस ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, पुलिस को ना तो पीड़ित न ही आरोपी मिल सके थे। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 341 (गलत तरीके से रोकने की सजा) और धारा 355 (गंभीर उकसावे के अलावा किसी व्यक्ति का अपमान करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल) के तहत केस दर्ज किया था।