Delhi: सस्ता सामान उपलब्ध करने के नाम पर धोखाधड़ी, जालसाजों ने ठगे पांच लाख, दो अरेस्ट

सस्ते में निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर दिल्ली के एक शख्स के साथ धोखाधड़ी की गई। जालसाजों ने पीड़ित से पांच लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Updated On 2024-01-17 15:53:00 IST
सस्ती निर्माण सामग्री का झांसा देकर धोखाधड़ी

Delhi: राजधानी दिल्ली में आए दिन ठगी के नए-नए मामले सामने आते रहते हैं। जालसाज भोले भाले लोगों को कभी ऑनलाइन के माध्यम से, तो कभी ज्यादा पैसा कमाने के लालच से या फिर सस्ता सामान उपलब्ध करवाने के माध्यम से अपने जाल में फंसा लेते हैं। दिल्ली पुलिस भी इन पर रोक लगाने के लिए तमाम कोशिश करती है, लेकिन शातिर जालसाज हर बार कुछ न कुछ नया तरीका इजात कर लोगों के साथ लाखों की ठगी करते हैं। एक बार फिर साउथ दिल्ली साइबर थाना पुलिस के सामने ऐसा ही ठगी का मामला सामने आया है। जहां सस्ते दाम में निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने के नाम पर लाखों की ठगी की है। इस संबंध में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दो जालसाज गिरफ्तार

दरअसल, साउथ दिल्ली साइबर पुलिस ने बाजार से सस्ते दर पर निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने के बहाने एक शख्स से पांच लाख की ठगी करने वाले दो जालसाजों को अरेस्ट किया है। आरोपियों के नाम मोहम्मद कर्मे और इकबाल अहमद हैं। दोनों लखनऊ के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास छह मोबाइल फोन, सिम कार्ड, आठ एटीएम कार्ड, चेक बुक और पासबुक बरामद की है।

सस्ती निर्माण सामग्री दिलाने के नाम पर ठगी

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि उसे कुछ निर्माण सामग्री की जरूरत थी। इसके लिए उसने गूगल पर टीएमटी बार्स सामग्री की खोज की। इसके बाद उसके पास एक कॉल आई। फोन करने वाले ने बाजार दर की तुलना में कम दाम पर मैटेरियल उपलब्ध करवाने की बात कही। पीड़ित उसके झांसे में आ गया और उसने 5,33,228 रुपये बताए गए अकाउंट में भेज दिए। बाद में माल भी नहीं पहुंचाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर की कार्रवाई

इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की जांच उन बैंक खातों पर केंद्रित हुई, जहां रकम ट्रांसफर की गई थी। बैंक विवरण का विश्लेषण और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पता लगा, उन्हें लखनऊ से अरेस्ट कर लिया गया। मोहम्मद कर्मे के ऊपर तीन मामले दर्ज मिले हैं।

Tags:    

Similar News