Delhi Police Commissioner: दिल्ली को मिलने जा रहा नया पुलिस कमिश्नर, संजय अरोड़ा होंगे रिटायर

Delhi Police Commissioner: दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। 31 जुलाई को संजय अरोड़ा रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद नए पुलिस कमिश्नर के नाम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Updated On 2025-07-28 18:23:00 IST

दिल्ली को जल्द मिलेगा नया पुलिस कमिश्नर। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Delhi Police Commissioner: दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त होने जा रहा है। उनके कार्यकाल में अब सिर्फ तीन दिन का समय बचा है। हालांकि इस बात पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है कि संजय अरोड़ा रिटायर होंगे या फिर उनके कार्यकाल को कुछ महीनों के लिए बढ़ाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस डिपार्टमेंट में चर्चा तेज हो गई है।

बता दें कि संजय अरोड़ा तमिलनाडु कैडर के अधिकारी हैं। साल 2022 में अरोड़ा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर नियुक्त किया गया था। उस समय वे भारत-तिब्बत बॉर्डर पर पुलिस के प्रमुख के पद पर तैनात थे। इससे पहले राकेश अस्थाना दिल्ली के पुलिस कमिश्नर थे, जो गुजरात कैडर के अधिकारी थे। राकेश अस्थाना को साल 2021 में पुलिस कमिश्नर नियुक्त हुए थे।

इन नामों पर हो रही चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार बाहरी कैडर के किसी सीनियर अधिकारी को दिल्ली का पुलिस कमिश्नर नियुक्त कर सकती है। इसके अलावा यूटी कैडर के भी अधिकारी को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। अगर केंद्र बाहरी कैडर के किसी अधिकारी को दिल्ली के पुलिस कमिश्नर पद पर नियुक्त करेगी, तो इसके लिए 2 नाम रेस में आगे दिखाई दे रहे हैं।

इसमें पहला नाम है ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, जो असम कैडर के 1991 बैच के अधिकारी हैं। मौजूदा समय में वह सीआरपीएफ के डीजी हैं। इसके अलावा वे असम के डीजीपी भी रह चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो असम के मुख्यमंत्री की ओर से उनके नाम की सिफारिश की गई है। वहीं, दूसरा नाम है शत्रुजीत कपूर, जो हरियाणा कैडर के 1990 बैच के अधिकारी हैं। मौजूदा समय वे हरियाणा के डीजीपी हैं।

यूटी कैडर में ये नाम सबसे आगे

दिल्ली में अक्सर बाहरी कैडर के अधिकारी को पुलिस कमिश्नर बनाया जाता है। हालांकि इस बार संभावना जताई जा रही है कि केंद्र सरकार यूटी कैडर के किसी अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंप सकती है। इसके लिए कुछ नामों पर चर्चा की जा रही है। इसमें सबसे पहला नाम है एस.बी.के सिंह, जो मौजूदा समय में होमगार्ड के डीजी हैं। उनके कार्यकाल में सिर्फ 6 महीने बचे हैं।

इसके अलावा दूसरा नाम है सतीश गोलचा, जो तिहाड़ जेल के डीजी हैं। वहीं, तीसरा नाम है प्रवीर रंजन, तो वर्तमान में सीआईएसएफ में तैनात हैं। इससे पहले वह दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। ये तीनों अधिकारी महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात कैडर से हैं। इसके अलावा वीरेंद्र चहल (1991), नुजहत हसन (1991) जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी चर्चा हो रही है।

बढ़ाया जाएगा संजय अरोड़ा का कार्यकाल?

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ऐसे संभावना है कि केंद्र सरकार मौजूदा दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा का कार्यकाल आगे बढ़ा दे। संजय अरोड़ा को कुछ महीने के लिए सेवा विस्तार दिया जा सकता है। इसके बाद इस साल के अंत तक नए कमिश्नर का ऐलान किया जा सकता है। हालांकि इससे पहले दिल्ली के पूर्व पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव का भी विस्तार बढ़ाने की संभावना थी, लेकिन उस समय उन्हें सेवा विस्तार की मंजूरी नहीं मिली। बता दें कि श्रीवास्तव को दिल्ली दंगों के बाद पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। अब देखना होगा कि केंद्र सरकार किसके नाम पर या मुहर लगाती है।

Tags:    

Similar News