Noida Murder Case: रात को पंखे से लटकाया, अगले दिन शव दफनाने निकले; चढ़ गए पुलिस के हत्थे
ग्रेटर नोएडा में पड़ोसियों ने शादीशुदा महिला की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया। इसके बाद अगले दिन लगा कि दफनाना ठीक रहेगा। लेकिन, एक गलती की वजह से पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
युवक ने वीडियो बनाकर पकड़वाए हत्या के आरोपी
Noida Murder Case: ग्रेटर नोएडा में एक युवक के साहस ने महिला के मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। हत्यारोपी जिस समय शव को दफना रहे थे, उससे पहले ही वो इस युवक के फोन के कैमरे में कैद हो चुके थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
मायके में रह रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, जहांगीरपुर की रहने वाली रंजना चौधरी की शादी अब से लगभग 10 साल पहले महेश कुमार के साथ हुई थी। महेश अलीगढ़ जिले के खेरिया खुर्द गांव के रहने वाले हैं। दोनों दंपत्ति के दो बच्चे हैं। कुछ समय के बाद रंजना चौधरी और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे। महेश अपने बच्चों के साथ गुरुग्राम में रहने लगा, तो वहीं उसकी पत्नी रंजना चौधरी अपने मायके में किराए के मकान में रहने लगी।
गला घोंटकर की हत्या
पुलिस ने बताया कि 18 नवंबर की रात को पड़ोस में रहने वाले बंटी और राकेश रंजना के घर गए। इस दौरान इन दोनों ने रंजना की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया और महिला के शव को पंखे से लटका दिया ताकि लोग इसे आत्महत्या समझें। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपने-अपने घर चले गए।
आत्महत्या दिखाने का प्रयास
आरोपियों का प्लान था कि जब कोई रंजना के घर आएगा, तो यही बताएगा कि उसने आत्महत्या की है। लेकिन, अगले दिन तक कोई भी रंजन के घर नहीं आया। पूरे दिन शव फंदे पर लटका रहा। इसके बाद आरोपी घबरा गए और शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। आरोपियों ने पीड़िता के घर के पास ही खंडहरनुमा घर में उसे दफनाने के लिए गड्ढा खोदा। उसके बाद रात में करीब 1 बजे के आस-पास वह लोग महिला के शव को कंधे पर रखकर गड्डे की तरफ ले गए। इसी दौरान ही युवक ने इस पल को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। फिर लड़के ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
वीडियो ने भेजे सलाखों के पीछे
परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया और इस पूरे मामले की जानकारी दी। युवक द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई सारी चीजों को भी जब्त कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।