Dhongi Baba: काली गुफाओं में गंदे कारनामे करने वाले दिल्ली-हरियाणा के पाखंडी बाबा, जानें कांड

Dhongi Baba: देश में बहुत से बाबाओं ने भक्तों की आस्था का फायदा उठाते हुए काले कारनामे किए। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया और कोर्ट ने सजा सुनाई। हालांकि दिल्ली का स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

Updated On 2025-09-25 07:50:00 IST

दिल्ली और हरियाणा के ढोंगी बाबा।

Dhongi Baba:  दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में छात्राओं से छेड़खानी का मामला सामने आया है। 62 साल के स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ स्वामी पार्थसारथी पर आरोप है कि उसने 17 छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया। शिकायत दर्ज होने के बाद से ही फर्जी बाबा फरार है। छात्राओं को कभी मजबूरी में तो कभी विदेश जाने का लालच देकर छात्रों के साथ दुष्कर्म किया गया।

बता दें कि देश में अंधभक्ति, जल्दी विश्वास किए जाने और लालच के कारण भी लोग अक्सर पाखंडी बाबाओं के झांसे में आ जाते हैं। हालांकि ये बाबा लोगों की आस्था के चिथड़े उड़ा देते हैं। बीते कुछ सालों में सैकड़ों पाखंडी बाबाओं का खुलासा हुआ है। इनमें से बहुत से बाबाओं को पकड़कर जेल भी पहुंचाया गया है। वहीं बहुत से बाबा अभी भी पाखंड का जाल बिछाकर भोले-भाले लोगों की परेशानी को अपना हथियार बनाकर उन्हें मूर्ख बना रहे हैं। बता दें कि देश में शहर, गांव और राज्यों में बहुत से ऐसे बाबा हैं, जिनके वीडियो अक्सर वायरल होते हैं। वे अपने भक्तों से अजीबोगरीब हरकतें कराते हैं। हालांकि वो बड़े स्तर पर मशहूर नहीं है, जिसके कारण उन्हें बहुत कम लोग जानते हैं।

इनमें से दिल्ली-हरियाणा के कुछ ऐसे बाबा भी हैं, जो लोगों का भरोसा जीतकर उनके चहेते बन गए और जब उनके कांड खुले, तो लोगों को उन पर भरोसा कर पाना मुश्किल हो गया। कुछ बाबा पुलिस की गिरफ्त में हैं, तो कुछ की पुलिस तलाश कर रही है। इनमें से कुछ बाबा गुफाएं बनाकर वहां गंदे काम करते थे।

बाबा आसाराम बापू

इनमें सबसे पहले नाम आता है हरियाणा के हिसार के आसाराम का। आसाराम पर अगस्त 2013 में एक 16 साल की स्कूली छात्रा से कथित रेप का आरोप था, जिसमें उसे दोषी ठहराया जा चुका है। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा मिली है। जानकारी के अनुसार छात्रा के माता-पिता आसाराम के भक्त थे। वे अपनी बच्ची को आश्रम लेकर गए थे। इसी दौरान उसके साथ ये हरकत हुई। इसके बाद उन्होंने आसाराम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आरोपी आसाराम को गिरफ्तार कर लिया था।

इसके बाद दो अन्य लड़कियों ने हिम्मत दिखाते हुए दो महीने बाद आसाराम और उसके बेटे नारायण साईं पर गुजरात के आश्रम में कथित तौर पर रेप करने का मामला दर्ज कराया। इसके बाद एक के बाद एक कई लड़कियां सामने आईं, जिन्होंने आसाराम पर कथित रेप का आरोप लगाया। जनवरी 2023 में गुजरात के गांधीनगर की सेशन कोर्ट ने 2013 वाले नाबालिग के रेप मामले में आसाराम को दोषी ठहराया।

बाबा राम रहीम सिंह

हरियाणा के सिरसा में डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम सिंह पर अपने आश्रम में दो महिला शिष्यों के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा। इस मामले में राम रहीम को दोषी ठहराया गया और वो 20 साल से जेल की सजा काट रहा है। वर्तमान समय में वो रोहतक की सुनारिया जेल में है। उसे साल 2017 में सजा सुनाई गई थी।

बाबा राजेश कैंडी

बाबा राजेश कैंडी हरियाणा का एक फ्रॉड बाबा था, जो हाथ की सफाई दिखाकर लोगों के साथ ठगी करता था। उसने भूत प्रेत निकालने के नाम पर लोगों को जोड़ा। इसके बाद वो दर्जनों लोगों को सस्ते रेट पर सोना बेचने, नोट दोगुने करने और कबूतरबाजी के नाम पर फ्रॉड करने लगा। उसने लोगों से 100 करोड़ रुपए का फ्रॉड किया। इस मामले में कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला और करनाल के दर्जनों लोगों को आरोपी ने शिकार बनाया।

स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी

वर्तमान समय में दिल्ली का स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी फरार चल रहा है। दिल्ली पुलिस इसकी तलाश में जुटी है। आरोप है कि स्वामी चैतन्यानंद ने ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप पर पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कर रही छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें कीं। इस मामले में 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए, जिनमें से 17 छात्राओं ने अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने, आपत्तिजनक मैसेज भेजने और जबरन शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि कॉलेज के हॉस्टल की 3 वार्डन भी इस मामले में शामिल हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News