तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामला: 5 आरोपियों ने लगाई जमानत याचिका, तीस हजारी कोर्ट ने सुनाया ये फैसला

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश और उकसाने से जुड़ी धाराएं लगाई हैं। कोर्ट में 5 आरोपियों की जमानत अर्जी भी दाखिल की गई।

Updated On 2026-01-09 16:24:00 IST

तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामले में आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया। 

दिल्ली पुलिस तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि आज भी एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम मोहम्मद इमरान बताया गया है। पुलिस का कहना है कि तुर्कमान गेट हिंसा मामले में 30 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है। कई जगहों पर छापामारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। इसी कड़ी में आज 8 आरोपियों को तीस हजारी कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामले में तीस हजारी कोर्ट ने 8 आरोपियों की ज्यूडिशियल कस्टडी पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। उन्हें दोबारा गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट के समक्ष पेश किया गया था। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश और उकसाने से जुड़ी धाराएं लगाई हैं। कोर्ट में 5 आरोपियों की जमानत अर्जी भी दाखिल की गई। कोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 13 जनवरी की तिथि तय की है। 

गुरुवार को छह आरोपी हुए थे गिरफ्तार
बता दें कि गुरुवार को भी दिल्ली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद आरोपियों की संख्या 5 से बढ़कर 11 हो गई थी। कोर्ट ने कल पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 दिन बढ़ा दी थी। आज भी तीस हजारी कोर्ट ने 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत पर फैसला सुरक्षित रखा है।

जुमे की नमाज... सुरक्षा कड़ी
आज शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क है। दरगाह फैज-ए-इलाही और जामा मस्जिद समेत सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से घरों में रहकर नमाज पढ़ने का आग्रह किया है। साथ ही, किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने को कहा है। अफवाह फैलाने वालों को चेताया है कि उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

2 संदिग्ध पूछताछ के लिए नहीं आए
DCP निधिन वलसन ने मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल की तैनात पर कहा कि हर शुक्रवार को पुलिस की तैनाती की जाती है। पिछले दिनों जो घटना हुई थी, उसके कारण अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुरानी दिल्ली के सभी मस्जिदों में जैसे पहले जुमा होता है, वैसे ही हो रहा है। अभी हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं। सबकुछ सामान्य है। मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 2 संदिग्ध लोगों को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन वो जांच में शामिल नहीं हुए हैं। हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। 

Similar News