Nikki Murder: निक्की की बहन की भूमिका पर सवाल, सुप्रीम कोर्ट के वकील बोले- 'गहनों पर नजर...'

Nikki Murder: निक्की हत्याकांड में कंचन की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। एडवोकेट एपी सिंह ने कहा कि जब निक्की की मौत हुई उसके कुछ देर बाद ही कंचन ससुराल पहुंचकर सारा सामान उठा ले गई। उसकी नजर गहनों पर थी।

Updated On 2025-09-05 13:12:00 IST

निक्की हत्याकांड।

Nikki Murder: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 21 अगस्त को निक्की भाटी की मौत हुई थी। ये हत्या है या आत्महत्या, ये गुत्थी अभी भी उलझी हुई है। पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। विपिन के पक्ष में आए लोगों का कहना है कि निक्की ने आत्महत्या की है क्योंकि जिस समय उसने खुद को आग लगाई। उस समय घर पर ससुराल पक्ष से कोई भी नहीं था। घर पर केवल दोनों बहनें थीं।

वहीं निक्की के पक्ष के लोगों का कहना है कि विपिन ने निक्की के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग लगा दी। उसके बेटे ने भी मीडिया में यही बयान दिया है, जिस पर विपिन के पक्ष के लोगों का कहना है कि बच्चे को बहकाया गया है। वहीं अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के एक वकील विपिन के पक्ष में आए हैं।

निर्भया कांड से लेकर सीमा हैदर तक कई केसों के कारण चर्चा में रहे वकील एपी सिंह सिंह ने निक्की की बहन कंचन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शादी को 9-10 साल हो चुके हैं इसलिए ये दहेज हत्या नहीं हो सकती। पहले कभी निक्की या कंचन ने ऐसे आरोप क्यों नहीं लगाए? उन्होंने कहा कि दहेज उत्पीड़न का मामला केवल शादी के 7 सालों के अंदर ही लगाया जा सकता है।

एपी सिंह ने कहा कि निक्की को जब अस्पताल ले जाया गया, तो उसने डॉक्टरों को बताया कि सिलेंडर में धमाके से आग लगी। दूसरा सबूत खुद उसकी बहन ने तैयार किया। कंचन ने निक्की की जलते समय जो वीडियो बनाई, जिसमें वो खुद कह रही है कि निक्की तूने यह क्या किया। इससे साफ है कि ये आत्महत्या का मामला है, जिसे हत्या बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे घर वालों को डराने के लिए आत्महत्या करने का दिखावा करते हैं।

एपी सिंह ने कंचन को लेकर कहा कि जब उसकी सगी बहन जल रही थी, तब वो वीडियो बना रही थी। कंचन उस समय निक्की के सबसे पास थी। ऐसे में सगी बहन तो सबसे पहले उसे बचाने की कोशिश करती, न कि वीडियो बनाएगी। कंचन कंबल या रजाई ओढ़ाने की जगह वीडियो बना रही थी।

उन्होंने कहा कि निक्की की मौत के बाद कंचन अपने ससुराल जाकर सारा सामान ले आई। उसने निक्की की तेरहवीं का भी इंतजार नहीं किया। सबसे पहले ससुराल जाकर ताले तोड़े। 5-6 बड़े-बड़े सूटकेस भरकर सामान ले गई। इससे साफ है कि कंचन की ससुराल की अलमारियों में रखे महंगे कपड़े, धन-दौलत, गहनों, सोने, चांदी, हीरे जवाहरात पर नजर थी।

उन्होंने कहा कि जब विपिन तक निक्की के जलने की बात पहुंचती है, तो वह दुकान छोड़कर उसे बचाने के लिए भागता है। सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज और लोगों की गवाही से ये साबित होता है कि वो बचाने के लिए पहुंचा था। वहीं वायरल हो रही मारपीट की पुरानी वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि घर परिवार में झगड़े होते रहते हैं। 

Tags:    

Similar News