Manjinder Singh Sirsa: पी. चिदंबरम के बयान पर भड़के मनजिंदर सिंह सिरसा, बोले- बेहद शर्मनाक बयान...

Manjinder Singh Sirsa: दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पी. चिदंबरम के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चेक करा लो, कहीं कांग्रेस नेताओं में से किसी ने पाकिस्तान का पासपोर्ट ले रखा हो।

Updated On 2025-07-28 19:20:00 IST

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पी. चिदंबरम पर साधा निशाना।

Manjinder Singh Sirsa: दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पी चिदंबरम सदन में बैठकर बहस कैसे कर सकते हैं, जो पाकिस्तान को खुद ही क्लीनचिट दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता के बयान को बेहद शर्मनाक बताया।

दरअसल, पी. चिदंबरम ने हाल ही में NIA और केंद्र सरकार पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा कि एनआईए ने अब तक क्या किया है? सरकार ये बताने को तैयार नहीं है। आतंकियों की पहचान हुई? हो सकता है वो स्थानीय आतंकी रहे हों? वो आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे, इसके कोई सबूत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में पाकिस्तानी आतंकवादी शामिल थे या नहीं, इसका कोई सबूत नहीं है, तो सर्जिकल स्ट्राइक क्यों की गई? आतंकी ठिकाने क्यों उड़ाए गए।

इस पर मंत्री मनजिंदर सिरसा ने कहा कि कांग्रेस के नेता पाकिस्तानी भाषा बोलें और वो भी जो पहले गृह मंत्री रह चुके हैं। ये बताता है कि कांग्रेस आतंकियों के साथ खड़ी है क्योंकि ये लोग चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। राहुल गांधी चीन की भाषा बोलते हैं और आज पी. चिदंबरम आतंकियों के साथ जा खड़े हुए।

सिरसा ने कहा कि सदन में पाकिस्तान के खिलाफ कुछ बोला जाए, तो कांग्रेस सुन नहीं सकती। सिरसा ने यहां तक कह दिया कि चेक करा लीजिए कि कहीं कांग्रेस में कई लोग पाकिस्तान का पासपोर्ट लेकर तो नहीं बैठे हैं। कोई बड़ी बात नहीं है कि कांग्रेस में कई लोगों ने पाकिस्तान का पासपोर्ट या वहां की नागरिकता ले रखी हो?

वहीं मनजिंदर सिंह सिरसा से जब दिल्ली सरकार के कामकाज के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि हर हफ्ते दिल्ली सरकार के मंत्रियों की एक समीक्षा बैठक होती है। इस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंत्रियों के कामकाज के बारे में जानकारी लेती हैं। इस दौरान कौन से काम हुए हैं, कौन से बाकी हैं? सीएम की जरूरत कहां पर है, इन सब के बारे में चर्चा की जाती है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिल्ली सचिवालय में कभी बैठक नहीं होती थी, वहां लगातार मंत्रियों की बैठक हो रही है। इससे पता चलता है कि दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता की सरकार कैसा काम कर रही है? 

Tags:    

Similar News