Delhi Politics: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच सियासत तेज, मनजिंदर सिंह सिरसा बोले- दिवाली जिम्मेदार नहीं...
Minister Manjinder Sigh Sirsa: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर हमलावर होते हुए कहा कि वे प्रदूषण का कारण दिवाली को बता रहे हैं लेकिन...
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा।
Minister Manjinder Singh Sirsa: दिल्ली में आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिवाली से पहले ही प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ था, वहीं दिवाली पर पटाखों के बाद हवा और जहरीली हो गई। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि दिवाली पर पटाखे चलाने के कारण दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। हालांकि दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रदूषण का कारण दिवाली नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी है क्योंकि वे जबरन पंजाब में किसानों से पराली जलवा रहे हैं। पंजाब के किसान ऐसा नहीं करना चाहते लेकिन उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि साल 2020 में दिवाली में पटाखों का बोलबाला था। उस समय दिवाली से पहले PM 2.5 414 था और दिवाली के बाद 435 था। पटाखों में 21 अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी। वहीं साल 2021 में 80 अंकों की वृद्धि हुई। इसके बाद साल 2024 में जब पटाखों पर प्रतिबंध लगा, तो दिवाली से पहले AQI 328 था, जो दिवाली के बाद 360 पहुंच गया था। पटाखों पर प्रतिबंध लगने पर 32 अंक बढ़ गए।
सिरसा ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर और दिल्ली सरकार के अनुरोध पर हमें ग्रीन पटाखों की अनुमति मिली। इस साल दिवाली से पहले CPCB के समीर ऐप के अनुसार AQI 345 था, जो दिवाली के बाद 356 पहुंच गया था। इस तरह पटाखों की अनुमति मिलने पर केवल 11 अंक बढ़े। क्या आप इसके लिए दिवाली को जिम्मेदार ठहराएंगे? क्या आप दिल्ली के सभी सनातन और हिंदुओं की आस्था को जवाबदेह ठहराएंगे?'
उन्होंने कहा कि जो लोग इसके लिए दिवाली को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वो झूठ है। ये सिर्फ़ एक वर्ग को खुश करने के लिए किया जा रहा है। औरंगजेब और अकबर के प्रशंसक कह रहे हैं। इन्होंने विधानसभा में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाई थी।
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग जानबूझकर दिवाली, सनातन धर्म और हिंदू धर्म को बीच में ला रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहले जानबूझकर दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध लगाया ताकि एक ख़ास समुदाय के वोट बटोरे जा सकें और उन्हें खुश किया जा सके। आज सुबह से ही अरविंद केजरीवाल की पूरी टीम लगातार दिवाली को कोस रही है।
सिरसा ने आगे कहा, 'संजय सिंह और उनके साथी कल रात से ट्वीट कर दिवाली मनाना बंद करने की अपील कर रहे थे। आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष भाजपा को कोस रहे हैं। दिवाली भाजपा का त्योहार नहीं है। यह सनातन हिंदुओं का त्योहार है और आप इस त्योहार को कोस क्यों रहे हैं? आप इस त्योहार के खिलाफ शब्दों का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं? लेकिन यह कहना कि बीजेपी दिवाली मना रही है, यह कहना कि बीजेपी इस तरह पटाखे फोड़ रही है, यह कहना कि बीजेपी ऐसे गलत काम कर रही है, मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हो रही है।'
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, 'मैं आपको दिखाना चाहता हूं कि कैसे आम आदमी पार्टी जानबूझकर पंजाब में किसानों को अपना चेहरा ढककर पराली जलाने के लिए मजबूर कर रही है। किसान खुद पराली नहीं जलाना चाहते लेकिन उन्हें पराली जलाने के लिए कहा गया है। उन्हें अपना चेहरा ढककर पराली जलाने के लिए मजबूर किया गया है। ताकि दिल्ली पर इस पराली का असर हो सके। आप नेता अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री के रूप में दस साल पंजाब के किसानों को गाली देते हुए बिताए। लेकिन अब, केवल सात महीनों में, हमने एक ऐसी बीमारी पर काम करना शुरू कर दिया है जो पिछले 27 सालों से चली आ रही थी।