Kisan Mahapanchayat: दिल्ली के जंतर मंतर पर क्यों जुट रहे देशभर के किसान, क्या है उनकी मांग?

Kisan Mahapanchayat In Delhi: दिल्ली में सोमवार को किसानों की महापंचायत होने जा रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों से सैकड़ों किसान जंतर मंतर पर इकट्ठा हो रहे हैं। जानें क्या है वजह...

Updated On 2025-08-25 13:15:00 IST

दिल्ली में किसानों की महापंचायत।

Kisan Mahapanchayat In Delhi: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सैकड़ों किसान इकट्ठे हो रहे हैं। दिल्ली के जंतर मंतर पर संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से किसान जंतर मंतर पहुंच रहे हैं। पीटीआई के मुताबिक, किसानों की इस महापंचायत में सभी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानूनी गारंटी को लेकर लंबित मांग पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके अलावा कृषि, पोल्ट्री, डेयरी और मत्स्य पालन क्षेत्रों को अमेरिका के साथ किसी भी तरह के प्रस्तावित समझौते से बाहर रखने और कृषि कानूनों (अब निरस्त) के खिलाफ आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज केस भी वापस लेने की मांग पर विचार किया जाएगा।

एसकेएम ने किया महापंचायत का आह्वान

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की ओर इस महापंचायत में किसानों और उनके समर्थकों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए कहा गया है। एसकेएम ने कहा कि यह महापंचायत पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से होगी। बता दें कि इससे पहले साल 2020-21 में बड़ा किसान आंदोलन हुआ था। उस आंदोलन को अभी 4 साल पूरे हो गए हैं। उस आंदोलन में हजारों किसान केंद्र सरकार द्वारा लाए गए 3 कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर दिल्ली के बॉर्डर पर जमा हो गए थे।

सरकार ने वापस लिया था कानून

केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में देश में बड़ा किसान आंदोलन हुआ था, जिसके बाद सरकार ने तीनों कानूनों को वापस ले लिया था। जब सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की, उसके बाद किसान आंदोलन समाप्त हो गया था।

भारी पुलिस बल तैनात

किसानों की महापंचायत को देखते हुए जंतर मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर 1,200 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो सके। अधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News