Delhi Crime: एमसीडी के सफाई कर्मचारी पर चाकू से हमला, पुलिस थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन

यह घटना आज सुबह गोविंदपुरी की बताई जा रही है। इस वारदात की सूचना जब एमसीडी के अन्य सफाई कर्मचारियों को लगी तो वे संबंधित पुलिस थाने पहुंच गए और जमकर बवाल काटा।

Updated On 2026-02-05 19:16:00 IST

एमसीडी के सफाई कर्मचारी पर चाकू से हमला। 

नई दिल्ली के गोविंदपुरी थाना इलाके में आज सुबह दिल्ली नगर निगम के एक सफाई कर्मचारी पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। कर्मचारी को बुरी तरह से घायल करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल कर्मचारी ने किसी तरह अपने परिजनों को वारदात के बारे में सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, वारदात की सूचना जब एमसीडी के अन्य सफाई कर्मचारियों को लगी तो वे संबंधित पुलिस थाने पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दिलीप और नवीन वैद ने बताया कि उनका साथी राजू गोविंदपुरी में रहता है। वह सफाई कर्मचारी है। आज सुबह सफाई कर रहा था, इस दौरान कुछ अज्ञात युवक आए और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, जब किसी सफाई कर्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ है। पहले भी दो सफाई कर्मचारियों पर इसी तरह से हमला हुआ है, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं होता, तब तक धरने पर बैठे रहेंगे।

पुलिस ने ठोस कार्रवाई का दिया आश्वासन
संबंधित पुलिस ने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों का पता लगाकर उन्हें जल्द से जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा। इसके लिए इलाके के सभी सीसीटीवी को खंगलाना शुरू कर दिया गया है। संबंधित थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि अगर 24 घंटे के भीतर आरोपी पकड़े नहीं जाते हैं तो दोबारा से थाने का घेराव किया जाएगा। 

Similar News