Ghaziabad Triple Suicide Case: पहले पता होता तो गेम खेलने नहीं देता... गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड केस में पिता का बयान
Ghaziabad Triple Suicide Case: गाजियाबाद में तीन सगी बहनों द्वारा आत्महत्या के मामले पर पीड़ित पिता ने खुलासा करते हुए कहा कि उसकी बच्चियों की मौत कोरियन संस्कृति के प्रति पागलपन की वजह से हुई है।
गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड केस पर पिता का बयान
Ghaziabad Triple Suicide Case: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में तीने सगी बहनों द्वारा किए गए सुसाइड केस में बच्चियों के पिता का एक चौकाने वाला बयान सामने आया है। लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि आर्थिक समस्याओं के चलते उनकी बेटियों ने यह खौफनाक कदम नहीं उठाया है। उनका मानना है कि उनकी बच्चियों की मौत कोरियाई संस्कृति प्रति उनके पागलपन की वजह से हुई है। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें भारतीयों से इस कद्र नफरत थी कि वह खुद इंडियन कहलाने पर गुस्सा करती थी।
मृतक बहनों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 2 बजे हुई, जब परिवार के सदस्य सो रहे थे। बहनों ने बालकनी का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था और फिर कूद गईं। जब तक माता-पिता दरवाजा तोड़कर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पाया कि तीनों लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता का चौंकाने वाला बयान
तीनों लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने वित्तीय तनाव की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटियों की मौत की असली वजह कोरियाई संस्कृति और K-Pop के प्रति उनका अत्यधिक लगाव था। चेतन कुमार ने मीडिया बताया कि लड़कियां पिछले दो-ढाई साल से एक ऑनलाइन गेम खेल रही थीं, जो टास्क-बेस्ड था। वे बार-बार कहती थीं कि उन्हें कोरिया जाना है। पिता ने कहा, "मुझे नहीं पता था कि इस गेम में ऐसे खतरनाक टास्क होते हैं। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने उनके मोबाइल फोन जांचने के बाद ही यह सब पता चला।" उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता, तो वे कभी गेम खेलने नहीं देते।
सुसाइड नोट और डायरी के खुलासे
पुलिस ने घटनास्थल से एक आठ पेज की डायरी बरामद की, जिसमें लड़कियों ने कोरियाई संस्कृति के बारे में विस्तार से लिखा था। इसमें K-Pop, कोरियन मूवीज, म्यूजिक, शॉर्ट फिल्म्स, शोज और सीरीज का जिक्र था। एक सुसाइड नोट में लिखा था, "सॉरी पापा... हम कोरिया नहीं छोड़ सकते। कोरिया हमारी जिंदगी है और आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते। इसलिए हम आत्महत्या कर रहे हैं।" डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रांस-हिंडन) निमिश पाटिल ने बताया कि लड़कियां पिछले दो-तीन साल से स्कूल नहीं जा रही थीं। वे सोशल मीडिया पर कोरियाई नामों से एक्टिव थीं और एक समानांतर 'कोरियन' दुनिया में जी रही थीं।
पुलिस जांच
पुलिस जांच में पता चला कि चेतन कुमार की दो पत्नी हैं और दोनों से पांच बच्चे हैं और सभी साथ रहते थे। पिता स्टॉक मार्केट ट्रेडर थे, लेकिन हाल में वित्तीय नुकसान हुआ था, जिससे करीब 2 करोड़ का कर्ज हो गया। हाल ही में उन्होंने लड़कियों का मोबाइल फोन बेच दिया था ताकि कर्ज चुकाया जा सके। हालांकि, पिता ने जोर देकर कहा कि वित्तीय समस्या मौत का कारण नहीं थी। पुलिस ने फोन की जांच की और गेम की भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया है।