Delhi Firing: दिल्ली में हाशिम बाबा गैंग का आतंक, 3 गुर्गों ने घर पर की फायरिंग, मांगे 30 लाख
Delhi Firing: दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक घर पर तीन युवकों ने फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने वहां पर पर्चिंयां फेंककर 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी है।
फिरौती के लिए घर पर फायरिंग। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Firing: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में एक मल्टी-स्टोरी घर पर फायरिंग हुई। कहा जा रहा है कि हाशिम बाबा गैंग के तीन गुर्गों इस वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग करने के बाद उन्होंने 30 लाख रुपए की रंगदारी भी मांगी है।पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि रविवार रात को शाहदरा के बिहारी कॉलोनी में गोलीबारी की घटना हुई। भागने से पहले हमलावरों एक रंगदारी का नोट छोड़ा था। हालांकि गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस फुटेज में देखा जा सकता है कि तीन लोग गली में घुसे थे। इनमें से दो लोगों ने हेलमेट पहना था और तीसरे ने कपड़े से मुंह ढका हुआ था। उन्होंने गली में घुसते हुए दो राउंड फायरिंग की। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि दो राउंड गोली चलाने के बाद उनकी बंदूक जाम हो गई। इसके बाद उन्होंने घर के सामने रंगदारी का कागज फेंका और मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद पीड़ितों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई।
इस बारे में पुलिस ने बताया कि पीड़ितों ने घर पर गोलीबारी के मामले में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को घटना का CCTV फुटेज भी मिल गया है। आरोपियों को ट्रैक करने और उनकी पहचान करने के लिए उनकी तलाश की जा रही है।
उस घर में रहने वाले पुनीत अरोड़ा ने बताया कि जिस घर में फायरिंग हुई, उस घर में वे अपने परिवार के साथ रहते हैं। 2 नवंबर को उनके बड़े भाई बंटी को हाशिम बाबा गैंग के सदस्य गोलू की तरफ से रंगदारी के लिए फोन आया था। उन्होंने कहा कि पहले हमें लगा कि कोई हमारे साथ मजाक कर रहा है। इसलिए हमने उस दिन पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। बाद में उसी रात तीन लोगों ने घर के सामने फायरिंग की। उन्होंने पर्चियां भी फेंकी, जिसमें 30 लाख रुपए की मांग की गई थी।