Drugs Smuggling: ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, गुरुग्राम पुलिस ने 3 विदेशी महिलाओं को किया गिरफ्तार
Drugs Smuggling: गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली के खानपुर एक्सटेंशन से तीन नाइजीरियन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं पूरे देश में एमडीएमए ड्रग्स की सप्लाई करती थी।
गुरुग्राम पुलिस ने ड्रग्स तस्करी मामले में तीन नाइजीरियन महिलाओं को गिरफ्तार किया।
Drugs Smuggling: दिल्ली-एनसीआर में ड्रग्स के अवैध कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस आरोपियों को ढूंढकर उन्हें गिरफ्तार कर रही है। हाल ही में गुरुग्राम पुलिस ने ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये तीनों महिलाएं भारत में ड्रग्स के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। ये दिल के खानपुर इलाके से इस कारोबार को चला रही थीं। दो महिलाओं को गुरुग्राम के बख्तावर चौक से पकड़ा गया था। वहीं तीसरी महिला को दिल्ली के खानपुर एक्सटेंशन के ए ब्लॉक से गिरफ्तार किया गया है। हालांकि महिलाओं का एक साथी भागने में कामयाब रहा।
क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम की अपराध शाखा सेक्टर-43 ने उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी आदर्श को सेक्टर-39 में ग्रीन हेल्थ फार्मेसी के पास से पकड़ा था। आरोपी के कब्जे से नशीला पदार्थ मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वो दिल्ली से ड्रग्स मंगाता है। उसे दो नाइजीरियन महिलाएं ड्रग्स लाकर देती थीं। इसके बाद पुलिस ने आदर्श से ड्रग्स के कारोबार में शामिल महिलाओं को कॉल करवाया, जिसमें उससे ड्रग्स लाने के लिए कहा। इसके बाद बख्तावर चौक पर दो नाइजीरियन महिलाएं ड्रग्स लेकर पहुंचीं। पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। इनके कब्जे से 39 ग्राम एमडीएमए नाम का नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
इन महिलाओं की पहचान नाइजीरिया के इसीलांगवा निवासी प्रीशियस और गांव डियोटा निवासी गिफ्ग के रूप में हुई है। इनसे पूछताछ करने पर पता चला कि वे खानपुर एक्सटेंशन के ए ब्लॉक स्थित मकान नंबर 29 से ड्रग्स सप्लाई लाती हैं। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में ही नहीं बल्कि पूरे भारत में नशे का कारोबार करती हैं। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से खानपुर एक्सटेंशन के ए ब्लॉक स्थित मकान नंबर 29 में छापा मारा।
पुलिस को पता चला कि ये मकान आशीष नाम के एक युवक का है, जिसने नाइजीरियन लोगों को अपना मकान किराये पर दिया था। पुलिस ने यहां से तीसरी नाइजीरियन महिला गांव इका निवासी जॉय को गिरफ्तार किया। इस कारोबार में महिला के दोस्त नेटबैंस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका है। जब तक पुलिस उसके पास पहुंचती, वो फरार हो गया। पुलिस ने इसकी तलाश शुरू कर दी है।