Delhi Jal Board: यमुना विहार और वजीराबाद रोड पर आ गई बाढ़, ट्रैफिक जाम, अलर्ट जारी

दिल्ली के यमुना विहार इलाके में पानी की पाइपलाइन फटने के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पाइपलाइन को ठीक किया जा रहा है। इसके कारण आज शाम तक रूट डायवर्ट किया गया है।

Updated On 2025-12-04 13:05:00 IST

यमुना विहार और वजीराबाद में पानी की पाइपलाइन फटी

Delhi Waterlogging: पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में 1200 एमएम व्यास वाली पानी की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। इसके कारण सड़कों पर कई जगह पर जलभराव की स्थिति हो गई। यमुना विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे तक जलभराव के कारण लोगों को खासी समस्या का सामना करना पड़ा। लोगों ने इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। हालांकि अब इस समस्या को खत्म करने के लिए काम चल रहा है। इसके कारण सड़क को बंद किया गया है और इसके लिए ट्रैफिक अलर्ट भी जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली जल बोर्ड की बड़ी पाइपलाइन यमुना विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे से गुजर रही है। पाइपलाइन फटने के कारण मेट्रो स्टेशन के नीचे सड़क नीचे धंस गई और जलमग्न हो गई। कुछ ही मिनटों में आसपास का क्षेत्र पानी से भर गया और सड़क उफनती नदी जैसी दिखाई देने लगी। इसके कारण यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। जलभराव और धंसी सड़क के कारण मोटरसाइकिल सवारों और कार चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रैफिक बाधित होता देख ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत रूट डायवर्ट किया। इस हिस्से को बैरिकेड कर दोनों तरफ से वाहनों को निकालने की कवायद शुरू की गई। इस कारण यमुना विहार ही नहीं भजनपुरा, सीलमपुर और गोकुलपुरी तक भारी जाम लग गया। पानी के प्रवाह को रोकने के लिए पानी की पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद किया गया।

वहीं बीते दिन दिल्ली जल बोर्ड ने भी पाइपलाइन फटने के कारण होने वाली पानी की समस्या के बारे में जानकारी देते हुए एक्स पर पोस्ट किया। दिल्ली जल बोर्ड ने लिखा, 'यमुना विहार मेट्रो स्टेशन के पास साइट पर 1200 mm डायमीटर वाले डिलीवरी/डिस्ट्रीब्यूशन मेन की मरम्मत का काम चल रहा है। मेट्रो पाइल के बीच से गुज़रने वाली खराब पानी की लाइन की मरम्मत के बाद टनल बोरिंग मशीन को निकालना होगा। खराब लाइन से पानी की सप्लाई कल शाम यानी गुरुवार शाम 7 बजे तक ठीक होने की उम्मीद है।'

वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोनी गोल चक्कर से खजूरी खास चौक तक के पूरे हिस्से को अवॉइड करने की सलाह दी है। यमुना विहार मेट्रो स्टेशन के ठीक बगल में रिपेयर का काम चल रहा है। इसके कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। इसको देखते हुए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। जाम से बचने के लिए आप मौजपुर चौक से रोड नंबर 66 होते हुए सीलमपुर टी-पॉइंट की तरफ जा सकते हैं। लोनी गोल चक्कर से दुर्गापुरी चौक की तरफ जाने के लिए शाहदरा फ्लाईओवर या मौजपुर की तरफ से जा सकते हैं।

Tags:    

Similar News