Delhi: 'हाथ पकड़कर मरोड़ा...', कैब ड्राइवर ने महिला के साथ की बदसलूकी, जानें मामला
Delhi Women Safety: पर्यावरण एनजीओ की फाउंडर भारती चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में कैब ड्राइवर ने उनके साथ बदसलूकी की। इस पर दिल्ली पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। जानें क्या है मामला...
दिल्ली में कैब ड्राइवर ने महिला के साथ की बदसलूकी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Women Safety: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली में एक पर्यावरण एनजीओ की महिला फाउंडर के साथ कैब ड्राइवर की बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला मशहूर पर्यावरण एनजीओ 'चिंतन' की फाइनेंसर भारती चतुर्वेदी हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए पूरी घटना की जानकारी दी। भारती ने 'एक्स' पर लिखा कि उन्होंने वसंत विहार से सर्वोदय एन्क्लेव डॉक्टर के पास जाने के लिए कैब ली। कैब की लोकेशन गलती से एसेक्स फार्म्स के पास पिन हो गई थी।
ऐसे में उन्होंने ड्राइवर से कहा कि आगे चलें और सही जगह पर छोड़ें। पहले तो ड्राइवर मान गया, लेकिन थोड़ी ही देर में उसका व्यवहार बदल गया और वह चिढ़ने-चिल्लाने लगा। इसके बाद वह अचानक से मुड़ गया। भारती ने उसे कार रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। ऐसे में उसे रोकने के लिए भारती ने दरवाजा खोला, जिसके बाद ड्राइवर ने मुड़कर उनका हाथ पकड़ा और मरोड़ दिया।
100 नंबर पर नहीं मिली मदद
भारती ने आगे लिखा कि उन्होंने 100 नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्होंने उबर सेफ्टी को कॉल किया, तो 100 नंबर पर कॉल करने को कहा गया। उन्होंने दिल्ली पुलिस से भी सवाल किया कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं कैसे संपर्क कर सकती हैं?
दिल्ली पुलिस ने लिया संज्ञान
एनजीओ फाउंडर की ओर से लगाए गए आरोपों पर दिल्ली पुलिस और कैब कंपनी का बयान सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मामले को यथाशीघ्र संज्ञान में लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता को टैग करके लिखा कि अतिरिक्त जानकारी के लिए आपको एक डीएम भेजा गया है। निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कैब कंपनी उबर इंडिया ने पीड़िता के पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा कि यह बेहद चिंताजनक है। इस तरह का व्यवहार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कंपनी ने यात्रियों की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताई। कैब कंपनी ने कहा कि यह व्यवहार हमारी कम्युनिटी गाइडलाइंस का गंभीर उल्लंघन है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने आरोपी ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए हटा दिया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।