Hit & Run Case: 200 CCTV खंगाले, 8 दिन की जांच...दिल्ली पुलिस ने कैसे सुलझाया हिट एंड रन केस?

Delhi Hit & Run Case: दिल्ली पुलिस ने वसंत विहार इलाके में हिट एंड रन केस के मामले को 8 दिन बाद सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

Updated On 2025-09-24 11:54:00 IST

दिल्ली पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड हिट एंड रन केस।

Delhi Hit & Run Case: दिल्ली पुलिस ने हिट एंड रन केस में बड़ी कामयाबी हासिल की है। दिल्ली के वसंत विहार इलाके में 15 सितंबर को हिट एंड रन का मामला सामने आया था। पुलिस ने 8 दिन की कड़ी मेहनत और जांच के बाद मामले को सुलझा लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी गौरव भारद्वाज को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो कि ग्रेटर कैलाश एनक्लेव-1 का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नीली मारुति बलेनो भी जब्त कर ली है, जिसका फ्रंट ग्लास घटना के दौरान टूट गया था।

यह मामला 15 सितंबर का है। उस दिन रात करीब 2-3 बजे वसंत विहार के आरटीआर फ्लाईओवर पर होटल मैनेजर मयंक जैन की होंडा सिटी कार को एक नीली बलेनो कार ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद जब पीड़ित मयंक अपनी कार से नीचे उतरे, तो बलेनो ने उन्हें जानबूझकर फिर से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पीड़ित मयंक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में वसंत विहार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी।

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के लिए 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। घटनास्थल से लेकर रिंग रोड, द्वारका मोड़, मुनिरका से राजोखड़ी बॉर्डर तक सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। पुलिस ने 8 दिन की गहन जांच के बाद आरोपी को धर दबोचा। पुलिस की जांच में सामने आया कि बलेनो कार के मालिक की 2 साल पहले ही मौत हो चुकी है। उसके परिवार के लोग कार का इस्तेमाल करते हैं।

पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी के जरिए रूट मैपिंग के जरिए पता लगाया कि उस रात गौरव भारद्वाज कार चला रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने कबूल किया गुनाह

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। में आरोपी ने बताया कि घटना के अगले दिन उसने किसी गैराज पर कार का टूटा फ्रंट ग्लास चेंज करवा लिया था। आरोपी गौरव ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने कार का टूटा हुआ ग्लास भी बरामद कर लिया।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News