Delhi: दिल्ली में घट रही बेटियों की संख्या, लिंगानुपात में भी गिरावट, देखें ताजा रिपोर्ट

Delhi Govt Report: दिल्ली में बेटियों की संख्या में गिरावट आ रही है। इसके अलावा लिंगानुपात में भी कमी दर्ज की जा रही है। दिल्ली सरकार की ताजा रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट...

Updated On 2025-09-16 12:46:00 IST

दिल्ली में घट रही बेटियों की संख्या।

Delhi Govt Report: राजधानी दिल्ली में जन्म और मृत्यु दर को लेकर बड़ी रिपोर्ट सामने आई है। इसके मुताबिक, दिल्ली में लड़कों के मुकाबले लड़कियों की संख्या में गिरावट आ रही है। इसके साथ ही लिंगानुपात में भी गिरावट आई है। इसका खुलासा दिल्ली सरकार की सालाना रिपोर्ट में हुआ है, जो हाल ही में जारी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में जन्म दर और लिंगानुपात में गिरावट देखने को मिली है।

हालांकि अच्छी बात यह रही कि शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में मामूली सुधार हुआ है। दिल्ली सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में राजधानी में लिंगानुपात 920 लड़कियां प्रति 1000 लड़कों पर पहुंच गया। वहीं, इससे पहले साल 2023 में यह आंकड़ा 922 पर था। नीचे देखें पूरी रिपोर्ट...

जन्म-मृत्यु दर की रिपोर्ट

दिल्ली सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में दिल्ली में जन्म दर प्रति हजार जनसंख्या पर 14.00 रही। इससे पहले साल 2023 में यह 14.66 रही थी। इसके अलावा मृत्यु दर यानी डेथ रेट में बढ़ोतरी हुई है। साल 2024 में डेथ रेट 6.37 प्रति हजार पहुंच गई, जबकि 2023 में यह दर 6.16 पर थी।

इस रिपोर्ट में एक अच्छी बात देखने को मिली कि शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में गिरावट आई है। साल 2024 में शिशु मृत्यु दर प्रति हजार जीवित जन्म में 22.40 रही थी, जो कि 2023 में 23.61 पर थी। इसी तरह मातृ मृत्यु दर साल 2024 में प्रति हजार जीवित जन्मों पर 0.44 रही, जबकि वर्ष 2023 में यह 0.45 रही थी।

2024 में एक दिन में कितने बच्चे जन्मे?

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में दिल्ली के अंदर रोजाना 837 बच्चों ने जन्म लिया। इससे पहले साल 2023 में हर दिन बच्चों के जन्म लेने की संख्या 863 थी। बता दें कि साल 2024 में दिल्ली के अंदर कुल 3,06,459 जन्म दर्ज किए गए। इनमें 1,59,549 लड़के, 1,46,832 लड़कियां और 78 अन्य शामिल हैं। वहीं, साल 2023 में कुल 3,15,087 जन्म दर्ज हुए थे।

2024 में कितनी हुई मौतें

दिल्ली सरकार की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल मृत्यु दर में बढ़ोतरी हुई। 2024 में कुल 1,39,480 मौतें दर्ज की गईं, जबकि उससे पहले 2023 में कुल 1,32,391 मौतें दर्ज की गई थीं।

इस रिपोर्ट से यह भी सामने आया कि दिल्ली में 20-29 साल की महिलाओं ने सबसे ज्यादा 64.09 फीसदी बच्चों को जन्म दिया है। वहीं, 30-34 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं ने 24.5 फीसदी बच्चों को जन्म दिया।

Tags:    

Similar News