Delhi Metro: दिल्ली के सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर बड़ा हादसा, चलती ट्रेन के आगे कूदी महिला
Delhi News: दिल्ली के सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर एक 55 साल की महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
दिल्ली में चलती मेट्रो के आगे कूदी महिला।
Seelampur Metro Station Accident: दिल्ली के एक 55 साल की महिला ने चलती मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1:25 बजे सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर हुई। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने घटना की जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर रिठाला की ओर जाने वाली मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान महिला ट्रेन के ट्रैक पर कूद गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और महिला को ट्रेन से बाहर निकाला। उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
महिला का चल रहा इलाज
इस घटना के बाद सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने महिला को ट्रेन के नीचे से निकाला। हालांकि वह बेहोश हो गई थी। पुलिस के अनुसार, महिला को घायल अवस्था में जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा कि महिला के पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। वह मेट्रो स्टेशन पर अकेली थी और उसके पास कोई बैग वगैरा नहीं था। पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
सीसीटीवी में क्या दिखा?
मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में देखा गया कि महिला प्लेटफॉर्म पर चल रही थी। मेट्रो ट्रेन ने स्टेशन के अंदर एंट्री की, उसी दौरान महिला ने मेट्रो लाइन पर छलांग लगा दी और मेट्रो ने उसे टक्कर मार दी। घटनास्थल पर क्राइम टीम को बुलाया गया। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं पाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।