Delhi Robbery: 'किराये पर कमरा चाहिए...', बहाने से बुजुर्ग महिला के घर में घुसे आरोपी, फिर की लूटपाट
Delhi Robbery Case: दिल्ली पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। जानें पूरा मामला...
दिल्ली में बुजुर्ग महिला से लूटपाट के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार।
Delhi Robbery Case: दिल्ली पुलिस ने द्वारका जिले के थाना बिंदापुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से लूटपाट के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 86 साल की बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर उसके सोने के गहने लूट लिए थे। इसके बाद मौके से फरार हो गए थे। आरोपियों में 2 महिलाएं, उनका भाई और एक दोस्त शामिल है।
एक अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान बरामद कर लिया गया है। इसमें पीड़ित बुजुर्ग महिला से लूटी गई सोने की एक जोड़ी चूड़ियां, एख जोड़ी सोने की बालियां और एक सोने की अंगूठी शामिल है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 14 नंवबर की है। पुलिस के अनुसार, बिंदापुर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक बुजुर्ग महिला के घर पर 4 लोगों ने मिलकर लूटपाट की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 2 महिलाएं और दो पुरुष जबरन घर में घुस आए हैं और उसकी बुजुर्ग मां के हाथों से सोने की चूड़ियां, झुमके और अंगूठी छीनकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम बनाई गई।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों में लगे 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके साथ ही टेक्वनिकल सर्विलांस और गुप्त सूचनाएं जुटाई गईं। सीसीटीवी फुटेज के जरिए एक लड़की की पहचान हुई। पुलिस तुरंत दिल्ली के उत्तम नगर स्थित नंदा राम पार्क इलाके में मौजूद उसके घर पर पहुंची, जहां पर वह अपनी बहन, भाई और उसके दोस्त के साथ मौजूद पाई गई। पुलिस ने तलाशी शुरू की, जिसमें बुजुर्ग महिला से लूटे गए सभी आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि लगभग 10 दिन पहले वे सभी उस गली से गुजर रहे थे, जहां पर उन्होंने बुजुर्ग महिला को काफी सोने के आभूषण पहने हुए देखा था। यह देखकर उनके मन में लालच आ गया और उन्होंने लूट की योजना बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे किराये पर कमरा लेने के बहाने से बुजुर्ग महिला के घर में घुसे थे और फिर इसी दौरान लूट की वारदात को अंजाम दिया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।