Yamuna Flood: दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में बाढ़ का खतरा, डूब रहे ये इलाके, देखें कहां-कैसे हालात?
Yamuna Flood Alert: हथिनीकुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली में यमुना किनारे कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। नीचे देखें तीनों शहरों के हालात...
दिल्ली-एनसीआर के 3 शहरों पर बाढ़ का खतरा।
Yamuna Flood Alert: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इससे दिल्ली के साथ ही नोएडा और गाजियाबाद में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। मंगलवार सुबह राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर 205.80 मीटर से ऊपर पहुंच गया। इससे यमुना किनारे के कई इलाकों में पानी घुस गया।
यमुना बाजार कॉलोनी, ओल्ड उस्मानपुर गांव और मॉनेस्ट्री मार्केट में पानी घुसा। यमुना बाजार में हालात ऐसे हो गए कि लोग अपने घर की छतों पर रहने के लिए मजबूर हो गए। यमुना में बढ़ते जलस्तर से दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। नीचे देखें तीनों शहरों के हालात...
दिल्ली में क्या हैं हालात?
दिल्ली में यमुना ने खतरे के निशान को पार कर लिया है। ऐसे में प्रशासन ने पुराने लोहा ब्रिज को बंद करने का आदेश दिया है। मंगलवार शाम 5 बजे से पुराने लोहा पुल पर वाहनों और आम लोगों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। यमुना का जलस्तर बढ़ने से मंगलवार सुबह दिल्ली के यमुना बाजार, उस्मानपुर गांव, मजनू का टीला और बुराड़ी खादर के इलाकों में पानी भर गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना कर पड़ रहा है। यहां से लोग अस्थायी टेंट में शिफ्ट हो रहे हैं। प्रशासन ने कई इलाकों में सड़कों के किनारे अस्थायी टेंट लगाए हैं, जिससे बाढ़ की स्थिति होने पर लोगों के रहने की जगह मिल सके।
इसके अलावा दिल्ली के यमुना पार क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी लोगों के घरों में पानी घुस गया है। दिल्ली के ट्रांस-यमुना इलाके के कुछ हिस्से में भी नदी का पानी घरों में घुस गया है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से मयूर विहार और यमुना पार क्षेत्र के आसपास के इलाके भी प्रभावित हुए। बुराड़ी इलाके में यमुना नदी के किनारे खेतों में कुछ किसान फंस गए हैं, जिन्हें बचाने का अभियान चलाया जा रहा है। जहां एक ओर हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला भी जारी है। सोमवार को दिल्ली में भारी बारिश हुई।
गाजियाबाद में बाढ़ का अलर्ट जारी
गाजियाबाद के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार सुबह गाजियाबाद के लोनी इलाके में यमुना नदी की जलस्तर 211.05 मीटर तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी मंगलवार दोपहर 4 बजे तक लोनी पहुंच सकता है। बता दें कि लोनी में खतरे के निशान का जलस्तर 212 मीटर है। मंगलवार शाम तक जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और लगातार स्थिति निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है।
वहीं, हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में भी प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे बाढ़ आने से पहले लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा सके। बता दें कि मंगलवार सुबह हिंडन नदी का जलस्तर 200.95 मीटर दर्ज किया गया। इससे दो दिन पहले यह जलस्तर 200 मीटर के नीचे था। एनबीटी की रिपोर्ट के मुताबिक, एडीएम सौरभ भट्ट ने बताया कि यमुना से सटे गांवों में बाढ़ का असर होगा। इनमें बदरपुर, नौरासपुर, पचायरा, मीरपुर हिंदू के कुछ इलाके शामिल हैं। इसके अलावा लोनी समेत करहेड़ा और यमुना नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
नोएडा के जेवर में बाढ़ का खतरा
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश और हथिनीकुंड बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण नोएडा पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा में यमुना नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने नदी किनारे और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं, जिससे बाढ़ के दौरान कोई परेशानी न हो।
बता दें कि नोएडा सदर और जेवर तहसील यमुना नदी के डूब क्षेत्र में आते हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, नोएडा सेक्टर-135 में बने अस्थायी गोशालाओं से पशुओं का सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम तक हथिनीकंड बैराज से छोड़ा गया पानी नोएडा तक पहुंचेगा, जिससे नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।