Delhi Metro: मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगी दिल्ली मेट्रो, 10 सालों में हो जाएगी एडवांस
Delhi Metro: दिल्ली की सड़कों पर दबाव को कम करने में मदद करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने अगले 10 सालों के लिए प्लान तैयार किया है। इससे यातायात को मैनेज करने में मदद मिलेगी।
दिल्ली मेट्रो।
Delhi Metro: दिल्ली की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है। त्योहारों में सड़कों पर अकसर भीषण जाम की स्थिति देखने को मिलती है। इसके कारण लोग आने-जाने के लिए सार्वजनिक वाहनों की तरफ रुख करते हैं। इनमें दिल्ली मेट्रो लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। इसी कड़ी में दिल्ली की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) अगले दस साल के लिए एक नई योजना तैयार करने जा रही है। इसे दस सालों में शुरू किया जा सकेगा। इसके लिए देश की प्रमुख सलाह देने वाली कंपनियों से मदद मांगी गई है।
भविष्य की जरूरत के अनुसार तैयार होगी योजना
इस योजना का लक्ष्य है कि दिल्ली मेट्रो को भविष्य की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाएगा। दिल्ली तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रही है। साथ ही जनसंख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। इसके कारण यातायात की मांग भी बहुत बढ़ रही है। इसको देखते गुए दिल्ली मेट्रो को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ये योजना शुरू की गई है। इसके तहत न केवल मेट्रो नेटवर्क बढ़ेगा। साथ ही टिकटों के अलावा अन्य स्रोतों से भी आय बढ़ाने के तरीके खोजे जाएंगे। इसके लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
दिल्ली मेट्रो के मौजूदा कामकाज की होगी जांच
इस योजना को तैयार करने के लिए सबसे पहले दिल्ली मेट्रो के मौजूदा कामकाज की जांच की जाएगी। इसमें देखा जाएगा कि दिल्ली मेट्रो का संचालन किस तरह से और कितना अच्छा चल रहा है। इसकी संपत्ति का किस तरह से इस्तेमाल किया जा रहा है। मेट्रों में सफर करने वाले यात्रियों की रोजाना कितनी संख्या है। किराया स्ट्रक्चर कैसा है? साथ ही खर्चों को कम करने के लिए कौन-कौन से तरीके अपनाए जा सकते हैं। इसके बाद ही DMRC संगठन की ताकत, कमजोरियां, मौके और चुनौतियों को लेकर विश्लेषण किया जा सकेगा।
120 दिनों का समय तय
डीएमआरसी की इस योजना के विश्लेषण के लिए प्रमुख सलाह देने वाली कंपनियों से मदद मांगी गई है। चयनित किए जाने के बाद संबंधित कंपनी को काम सौंपा जाएगा। संबंधित कंपनी को 120 दिनों का समय दिया जाएगा। इस निर्धारित समय के अंदर ही इस योजना को तैयार करना होगा। अगर समय बढ़ाने की जरूरत होगी, तो इसे 120 दिन से बढ़ाकर 180 दिन किया जा सकता है।