Delhi Metro: दिल्ली की रेड और येलो लाइन मेट्रो बनेगी स्मार्ट, जानें खास प्लान
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो की सबसे पुरानी और बिजी येलो लाइन और रेड लाइन के सिग्नलिंग सिस्टम को मजबूत करने के लिए DMRC और ATIL के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत ATIL अपनी ग्लोबल एक्सपर्ट टीम के जरिए तकनीकी सपोर्ट देगी।
दिल्ली लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट खुले।
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने दिल्ली मेट्रो की सबसे पुरानी और बिजी येलो लाइन और रेड लाइन को स्मार्ट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए डीएमआरसी ने एल्सटॉम ट्रांसपोर्ट इंडिया लिमिटेड (ATIL) कंपनी से हाथ मिलाया है। DMRC और ATIL के बीच 6 साल के लिए समझौता हुआ है। इसके तहत मेट्रो के सिग्नलिंग सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा।
इसके बाद तकनीकी खामियां कम होंगी और यात्रियों को बिना रुकावट के सेवा मिल सकेगी। ATIL अपनी ग्लोबल एक्सपर्ट टीम के जरिए तकनीकी सपोर्ट देगी। इसकी मदद से किसी भी खराबी को जल्द ठीक किया जा सकेगा और समाधान भी सटीक हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, DMRC और ATIL के बीच डील मेट्रो भवन में हुई। इस समझौता ज्ञापन पर DMRC के डायरेक्टर इन्फ्रास्ट्रक्चर मनुज सिंघल और ATIL के डायरेक्टर कमर्शियल सचिन देवड़ा ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान DMRC के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विकास कुमार समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वर्तमान समय में दिल्ली मेट्रो की रेड और येलो लाइन में डिस्टेंस टू गो सिग्नलिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस समझौते के बाद ATIL न केवल ऑनबोर्ड स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराएगा, बल्कि डेटा लॉगिंग सिस्टम को भी अपग्रेड करेगा। इसकी मदद से खामियों की जड़ तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा और उसे ठीक करना भी आसान हो जाएगा। ग्लोबल एक्सपर्ट टीम सिस्टम ऑडिट और तकनीकी सहायता के कारण दिल्ली मेट्रो और प्रभावी ढंग से चल सकेगी।
बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेड लाइन की शुरुआत 24 दिसंबर 2022 को हुई थी। ये दिल्ली मेट्रो की पहली लाइन थी। ये मेट्रो गाजियाबाद के शहीद स्थल (न्यू बस अड्डा) से रिठाला की ओर चलती है। वर्तमान समय में इस रूट पर 29 स्टेशन हैं। ये लाइन सुबह 5.30 बजे से रात के 11.30 बजे तक चलती है।
दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन को 20 दिसंबर 2004 को शुरू किया गया था। ये दिल्ली मेट्रो की पहली भूमिगत लाइन थी। जून 2010 को इसके कुतुब मीनार से हुडा सिटी सेंटर तक का विस्तार किया गया था। इस लाइन पर 37 स्टेशन हैं। समयपुर बादली (दिल्ली) से हुडा सिटी सेंटर (गुड़गांव, हरियाणा) तक जाती है। इस लाइन पर 8 इंटरचेंज हैं। ये लाइन भी सुबह 5.30 बजे से रात के 11.30 बजे तक चलती है।