Delhi Firing: पत्नी संग मोमोज खा रहे युवक को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली, पुराने विवाद का शक
Delhi Firing: दिल्ली की गीता कॉलोनी में मोमोज खाने गए एक युवक को गोली मार दी गई। इस वारदात का कारण पैसों के लेनदेन का पुराना विवाद माना जा रहा है।
गीता कॉलोनी में युवक को मारी गोली।
Delhi Firing: दिल्ली की गीता कॉलोनी में सड़क किनारे एक कपल मोमज खा रहा था। इसी बीच कुछ अज्ञात बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। आनन-फानन में पत्नी ने युवक के परिजनों को सूचना दी। लड़के के चाचा उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल ने गोली लगने की खबर सुनकर पुलिस को मामले की सूचना दी।
दिल्ली पुलिस को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से रात लगभग 10.10 बजे सूचना मिली कि 22 वर्षीय आदित्य नाम का युवक झगड़े में घायल हो गया है। उसके चाचा मुरारी ने उसे अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। इसके बाद पुलिस चौकी से भी सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगने से वो घायल हो गया है। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तो देखा कि SBI एटीएम के पास सड़क पर खून के धब्बे हैं।
मोमोज खाने आए युवक पर गोलीबारी
जांच के दौरान पता चला कि आदित्य पत्नी भूमि के साथ मोमोज खाने आया था। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने उसे गोली मार दी, जो उसकी पीठ में लगी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया। इसके बाद जांच अधिकारी डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचे। पता चला कि घायल की पीठ में गोली लगी है और गोली का लीड उसकी रीढ़ की हड्डी में फंस गया है।
पत्नी ने बताई आदित्य की आपराधिक पृष्ठभूमि
पुलिस ने अस्पताल में मौजूद आदित्य की पत्नी भूमि से बात की, जिसने बताया कि आदित्य की आपराधिक पृष्ठभूमि है। दोपहर में उसके कुछ दोस्तों ने पैसे वापस न करने पर उसे धमकाया था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई, तो उसमें पता चला कि आदित्य को जून 2025 में थाना प्रीत विहार में दर्ज डकैती के एक मामले में गिरफ्ततार किया गया था। पुलिस का मानना है कि पैसों के लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर ये गोलीबारी हुई है। वहीं अब आदित्य की हालत ठीक है, लेकिन उसने किसी भी आरोपी का नाम नहीं बताया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।