JLN Stadium: दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम टूटेगा! रिपोर्ट्स में दावा- बनेगी Sports City
JLN Stadium: दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम को ध्वस्त किया जाने वाला है। इसकी जगह पर 102 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है।
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को तोड़कर स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी।
JLN Stadium To Dismantled: राष्ट्रीय राजधानी स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को तोड़ने की तैयारी की जा रही है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम को ध्वस्त करके एक स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। इसमें प्रमुख खेलों के लिए सुविधाएं होंगी। साथ ही खिलाड़ियों के लिए आवास की भी सुविधा होगी।
बताया जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट 102 करोड़ एकड़ एरिया में फैला होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजधानी में स्पोर्ट्स सिटी बनाने के लिए कतर और ऑस्ट्रेलिया जैसी देशों में इस्तेमाल किए जाने वाले आधुनिक खेल मॉडल का आकलन किया जा रहा है। यह स्पोर्ट्स सिटी मौजूदा जेएलएन स्टेडियम की जगह पर 102 एकड़ में बनाई जाएगी। इसके लिए जेएलएन स्टेडियम को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
इंटरनेशनल मॉडल पर बनेगी स्पोर्ट्स सिटी
नई स्पोर्ट्स सिटी को ऑस्ट्रेलिया और कतर जैसे देशों के खेल मॉडल की तरह डिजाइन किया जाएगा। हाल ही में भारतीय खेल मंत्रालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने इन देशों का दौरा किया था, जिससे वहां के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की स्टडी की जा सके।
स्पोर्ट्स सिटी बनाने के लिए जेएलएन स्टेडियम को तोड़ा जाएगा। इसके बाद उसे दोबारा से डेवलप किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, स्टेडियम के अंदर स्थित सभी ऑफिस को शिफ्ट कर दिया जाएगा। इनमें राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी और राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला शामिल हैं।
बता दें कि स्पोर्ट्स सिटी में एक ही जगह पर अलग-अलग खेलों की सुविधा होती है। यह न सिर्फ ट्रेनिंग के लिए, बल्कि प्रमुख आयोजनों के वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर होता है। उदाहरण के लिए, अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, जलक्रीड़ा, टेनिस और एथलेटिक्स जैसी अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कब बना था जेएलएन स्टेडियम?
राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का निर्माण साल 1982 में 9वें एशियन गेम्स की मेजबानी करने के लिए किया गया था। इसके बाद साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए इसे मॉडर्न सुविधाओं के साथ रिनोवेट किया गया था। जेएलएन स्टेडियम देश के सबसे मशहूर मल्टी-स्पोर्ट्स मैदानों में से एक रहा है। इस स्टेडियम में करीब 60 हजार लोग एक साथ खेल का लुत्फ उठा सकते हैं।
इस स्टेडियम में बड़े एथलेटिक्स इवेंट, फुटबॉल मैच, बड़े कॉन्सर्ट और नेशनल इवेंट आयोजित किए गए हैं, जिनमें स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम भी शामिल हैं। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम ऐतिहासिक रूप से नेशनल एथलेटिक्स टीम का होम वेन्यू भी रहा है।
खेल मंत्रालय के पास है जेएलएन की जिम्मेदारी
नई दिल्ली स्थित जेएलएन स्टेडियम देश के सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय मैदानों में से एक रहा है। मौजूदा समय में इसका रखरखाव युवा मामले और खेल मंत्रालय की ओर से भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) द्वारा किया जाता है। हाल ही में जेएलएन स्टेडियम ने एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी की है। इसमें 100 से ज्यादा देशों के 2,200 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।