Delhi News: भैरों मार्ग अंडरपास का फिर शुरू होगा निर्माण, रेलवे से मांगी एनओसी
दिल्ली के भैरों मार्ग अंडरपास का निर्माण कार्य जून 2022 में पूरा होना था, लेकिन नहीं हो सका। इसके बाद 2023 की बाढ़ ने इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब फिर से इस पर बड़ा अपडेट आ गया है।
भैरों मार्ग अंडरपास के लिए रेलवे से मांगी एनओसी
देश की राजधानी दिल्ली में फ्लाईओवर, अंडरपास और सड़क परियोजनाओं का जाल फैलाया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जहां दिल्ली पर से वाहनों का भार कम होगा, वहीं यातायात के सुलभ साधन से आर्थिक रफ्तार में भी तेजी आना लाजमी है। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार ने भैरों मार्ग अंडरपास के कार्य को दोबारा से शुरू करने की योजना बनाई है। इसके लिए रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द से जल्द एनओसी प्राप्त करने को कहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो मानसून की समाप्ति के बाद इस अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने हाल में इस भैरों मार्ग अंडरपास के निर्माण को लेकर रेलवे और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे और लोक निर्माण विभाग, आपस में समन्वय से काम करते हुए इस योजना को तेजी से क्रियान्वित करें। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से जल्द से जल्द एनओसी लेने की बात कही।
बाढ़ की वजह से रूका था कार्य
भैरों मार्ग फ्लाईओवर का निर्माण जून 2022 तक पूरा हो जाना चाहिए था। लेकिन, किसी न किसी कारण के चलते यह कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। 2023 की बाढ़ के चलते इस अंडरपास के बॉक्स जमीन में धंस गए थे, जिसकी वजह से कार्य को रोकना पड़ा था। अब आईआईटी दिल्ली और केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान जैसे शीर्ष संस्थानों से सलाह ली गई कि प्राकृतिक कारणों के चलते इस अंडरपास पर असर नहीं पड़ना चाहिए। इन संस्थानों ने सलाल दी कि कास्ट इन सीटू टेक्निक का इस्तेमाल कर इस अंडरपास का अधूरा कार्य पूरा किया ज सकता है।
ट्रेनों के संचालन पर नहीं होगा असर
इस अंडरपास के ऊपर से रेलवे का ट्रैक बिछा है। कास्ट इन सीटू टेक्निक में पहले से बना हिस्सा नहीं जोड़ा था। इसके स्थान पर मौके पर ही खुदाई की जाती है। 2023 की बाढ़ से पहले एक तरफ की सड़क बनकर तैयार हो गई थी। लेकिन, बाढ़ के चलते कई बॉक्स जमीन में धंस गए। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 110 मीटर लंबी अंडरपास में से केवल 28 मीटर का काम ही शेष बचा है।
पीएम मोदी को करना था उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रगति मैदान सुरंग मार्ग समेत पांच अंडरपास का उद्घाटन करना था। निर्माण में देरी के चलते इस भैरों मार्ग अंडरपास का उद्घाटन नहीं हो सका। अब दिल्ली सरकार ने इस अंडरपास का निर्माण पूरा करने के लिए रेलवे से एनओसी मांगी है। यह अंडरपास हल्के वाहनों के लिए होगा। इस अंडरपास के बनने से ट्रैफिक जाम की समस्या का होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।