Delhi Floods: दिल्ली में बजी बाढ़ के खतरे की 'घंटी', हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी

Delhi Flood Alert: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। ऐसे में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाके में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। जानें क्या है स्थिति...

Updated On 2025-09-01 13:57:00 IST

दिल्ली में बाढ़ का खतरा।

Delhi Flood Alert: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए हैं, जिससे यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी तेजी से दिल्ली की ओर बढ़ रहा है। सोमवार सुबह 10 बजे हथिनीकुंड बैराज से 3,21,653 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, सुबह 9 बजे 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे पहले सुबह 7 बजे से सुबह 7 बजे 2,72,745 क्यूसेक पानी और 8 बजे 3,11,032 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। कुल मिलाकर सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे कर 12 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है।

हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंचने पर यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा। इससे दिल्ली में बाढ़ की स्थिति हो सकती है। ऐसे में सरकार ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, हालांकि मंगलवार शाम तक यह खतरे के निशान को पार सकती है।

सरकार ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली सरकार की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया कि हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में पुराने रेलवे ब्रिज का जलस्तर खतरे के निशान को पार सकता है। इसके साथ ही वाटर लेवल 206.50 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। इसको लेकर जल्द ही सेंट्रल वाटर कमीशन (सीडब्ल्यूसी) की ओर से एडवाइजरी जारी की जाएगी। दिल्ली फ्लड कंट्रोल विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी अपने-अपने इलाकों में बाढ़ की स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए रखें।

किन इलाकों में ज्यादा खतरा?

दिल्ली में बाढ़ की स्थिति होने पर निचले इलाकों को खाली करवा लिया जाएगा। ऐसी स्थिति में गढ़ीमांडू, यमुना बाजार, उसमानपुरा, मयूर विहार पुस्ता, ओखला जैसे इलाके ज्यादा प्रभावित होंगे। वहीं, प्रशासन ने निचले इलाके के गांवों के लिए अलर्ट जारी कर दिया। यमुना किनारे रहने वाले लोगों से कहा गया कि नदी किनारे बिल्कुल न जाएं।

चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही यमुना

दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 204.5 मीटर होने पर निचले इलाकों में चेतावनी जारी की जाती है। वहीं, जलस्तर 205.33 मीटर होने पर बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा यमुना का जलस्तर 206 मीटर होने पर निचले इलाकों के लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया जाता है। बता दें कि अभी दिल्ली में यमुना चेतावनी स्तर के ऊपर बह रही है। माना जा रहा है कि अगले 40-50 घंटे के अंदर यमुना खतरे के निशान को पार कर 206 मीटर से ऊपर पहुंच सकती है।

Tags:    

Similar News