UER-2: मुंडका-बक्करवाला टोल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण, मिला कांग्रेस का समर्थन

Delhi Toll: दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला यूईआर-2 टोल प्लाजा पर दिल्ली देहात के लोगों ने प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन को दिल्ली कांग्रेस की तरफ से समर्थन मिला। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को तत्काल राहत देने की मांग की है।

Updated On 2025-09-15 17:23:00 IST

देवेन्द्र यादव ने टोल फ्री के लिए दिल्ली देहात किसान आंदोलन का समर्थन किया।

Delhi Toll: मुंडका-बक्करवाला यूईआर-2 टोल प्लाजा के खिलाफ आसपास के ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं। अब उनकी आवाज और तेज हो गई है। बता दें कि पालम 360 खाप की पंचायत में मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर ग्रामीणों से लिए जाने वाले टोल टैक्स को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। अब दिल्ली कांग्रेस ने खुलकर इसका समर्थन किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सरकार के इस कदम को अन्याय बताया है। साथ ही सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से ग्रामीणों के साथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पहले भी इस मुद्दे को उठाया है। अब हम एक बार फिर मांग कर रहे हैं कि बीजेपी सरकार दिल्ली देहात के लिए इस टोल को तुरंत फ्री करे।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने दिल्ली के किसानों की जमीन कौड़ियों के दाम पर खरीदी। अब उन्हीं किसानों और ग्रामीणों पर टोल टैक्स का बोझ डाला जा रहा है। ये दिल्ली देहात के लोगों के साथ खुला अन्याय है, जिसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली देहात के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली देहात में न तो ढंग की सड़कों का निर्माण हुआ है न ही विकास के दूसरे काम। इसी भेदभाव के कारण दिल्ली में खेती-किसानी खत्म हो गई है।

  • बता दें कि महापंचायत में ग्रामीणों और खाप नेताओं की तीन मुख्य मांगें हैं। इनमें से एक मांग ये है कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की तरह ही दिल्ली में भी 20 किलोमीटर बिना टोल टैक्स यात्रा की अनुमति दी जाए।
  • जिन ग्रामीणों ने यूईआर-2 के लिए जमीन दी है, उन्हें टोल टैक्स से हमेशा के लिए छूट दी जाए।
  • ग्रामीणों की मांग है कि UER-II टोल पर मौजूदा नीति को बदलकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की तरह नीति लागू की जाएं।

दिल्ली देहात के लोगों ने बताया कि उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बार-बार शहर जाना पड़ता है। हर बार टोल टैक्स देने से उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करेगी, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News