Delhi Government: दिल्ली में BJP सरकार ने की विधायकों के LAD फंड में कटौती, 15 करोड़ से घटाकर किया 5 करोड़

Delhi Government: दिल्ली सरकार ने विधायकों को हर साल दिए जाने वाले LAD फंड को 15 करोड़ रुपए से घटाकर 5 करोड़ रुपए कर दिया है। सरकार की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।

Updated On 2025-05-20 13:29:00 IST

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

Delhi Government: दिल्ली की बीजेपी सरकार ने विधायकों के लोकल एरिया डेवलपमेंट (LAD) फंड में बड़ी कटौती की है। इसके तहत अब दिल्ली के सभी विधायकों को अपने एरिया में विकास कार्यों के लिए सालाना 5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले इस फंड को 15 करोड़ रुपए किया गया था। इसको लेकर दिल्ली सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

दिल्ली के शहरी विकास विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि विधायक LAD योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के लिए मिलने वाले फंड को 5 करोड़ रुपए रखा गया है। यह फैसला 2 मई को दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में लिया गया। साथ ही यह भी बताया कि यह एक अनटाइड फंड होगा, जिसे पूंजीगत प्रकृति के कार्यों के साथ ही बिना किसी सीमा के परिसंपत्तियों की मरम्मत और रखरखाव के लिए खर्च किया जा सकता है।

पिछली सरकार ने की थी बढ़ोतरी

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के एक बीजेपी विधायक ने बताया कि विधायक फंड के लिए 350 करोड़ रुपए रखे गए हैं। इसे दिल्ली के सभी 70 विधायकों के बीच बांटा जाएगा। इससे हर एक विधायक को 5 करोड़ रुपए का फंड मिलेगा। वहीं, इससे पहले दिल्ली की पिछली AAP सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2022-23 में सभी विधायकों को 4-4 करोड़ रुपए का LAD फंड दिया था।

इसके बाद वित्तीय वर्ष 2023-24 में LAD फंड को बढ़ाकर 7 करोड़ रुपए किया गया। फिर वित्तीय वर्ष 2024-25 में LAD फंड को बढ़ाकर 10 करोड़ कर दिया गया था। वहीं, पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पिछली AAP सरकार ने इस फंड को 10 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए करने का ऐलान किया था।

क्या होता है LAD फंड?

बता दें कि विधायक LAD फंड एक ऐसी योजना है, जिसके तहत विधायकों को हर साल फंड दिया जाता है। इस राशि को विधायक अपने स्थानीय क्षेत्र में स्कूल, सड़क और अन्य विकास कार्यों पर खर्च करते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर सभी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य किए जाते हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में पानी पर सियासत: देवेंद्र यादव ने बीजेपी सरकार पर बोला हमला, बोले- दिल्ली में जलसंकट और ये लोग...

Tags:    

Similar News