CM Rekha Gupta: सीएम रेखा ने अशोक विहार में पार्क का किया उद्घाटन, इस पार्षद के नाम पर रखा नाम

CM Rekha Gupta: सीएम रेखा गुप्ता ने अशोक विहार में एक पार्क का उद्घाटन किया। इस पार्क का नाम पूर्व निगम पार्षद स्वर्गीय कनक अग्रवाल के नाम पर रखा गया।

Updated On 2025-11-14 14:14:00 IST

सीएम रेखा ने किया पार्क का उद्घाटन।

दयाराम/नई दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने अशोक विहार ए ब्लॉक फेस-1 स्थित पार्क का उद्घाटन किया। उन्होंने इस पार्क का नाम पूर्व निगम पार्षद स्वर्गीय कनक अग्रवाल के नाम पर रखा। इस कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता के साथ भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन, क्षेत्रीय विधायक पूनम भारद्वाज, शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय निगम पार्षद योगेश वर्मा, नन्द किशोर अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समारोह में मौजूद क्षेत्र के नागरिकों, आरडब्ल्यूए सदस्यों, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया तथा स्वर्गीय कनक अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेश वर्मा ने की। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय कनक अग्रवाल का योगदान भाजपा और क्षेत्र के विकास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। जिस तरह से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए प्रयास किया, वह सराहनीय है।

खेल को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला

वहीं दिल्ली सरकार ने हाल ही में फैसला लिया है कि सरकारी स्कूलों में अब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस खेल मैदान बनाए जाएंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने इस योजना की घोषणा करते हुए इसका उद्देश्य भी बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही विभिन्न खेलों की उच्च गुणवत्ता वाली ट्रेनिंग उपलब्ध कराना है। इससे वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

बता दें कि सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस खेल मैदान बनाए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा की। साथ ही इस योजना के लिए ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य जल्दी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल अकादमियों के साथ साझेदारी करेगी। इसके तहत क्रिकेट, बॉक्सिंग, फुटबॉल, तैराकी और अन्य खेलों के प्रशिक्षण कराए जाएंगे। प्रशिक्षण के लिए अकादमियों के साथ एमओयू साइन किए जाएंगे। उन्हें खेल सुविधाओं का इस्तेमाल की अनुमति दी जाएगी। साथ ही सरकार की तरफ से आवश्यक सहयोग भी दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News