Yamuna Cleaning: दिल्ली में अमित शाह ने 19 प्रोजेक्ट को दिखाई हरी झंडी, तेजी से साफ होगी यमुना
Delhi Jal Board Projects: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 1 जनवरी 2028 तक दिल्ली में कूड़े के पहाड़ खत्म हो जाएंगे। उनकी जगह पर सुंदर बगीचे बनाए जाएंगे। उन्होंने गुरुवार को दिल्ली के केशवपुरम में कार्यक्रम के दौरान दावा किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
Delhi Jal Board Projects: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना नदी की सफाई के लिए 1,816 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का अनावरण किया। गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली के केशवपुरम में पहुंचे थे। यहां पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। अमित शाह ने जल बोर्ड की 11 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 8 प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने दावा किया है कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले यमुना की सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा।
इन परियोजनाओं का किया शुभारंभ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली जल बोर्ड की कुल 19 परियोजनाओं का अनावरण किया। उन्होंने 11 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 8 अन्य प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से सीवेज उपचार, सीवेज नेटवर्क के विस्तार और यमुना की सफाई से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
- केशोपुर, कोंडली, रोहिणी और नरेला, नजफगढ़ समेत 8 जगहों पर 1,416 करोड़ रुपये की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का विस्तार और अपग्रेडेशन का काम किया जाएगा।
- 99.1 करोड़ रुपये की लागत वाली जलापूर्ति परियोजनाएं का शुभारंभ किया गया। इनके तहत पल्ला, सिरसपुर और बिजवासन में भूमिगत जलाशय विकसित किए जाएंगे।
- 301.1 करोड़ रुपये की लागत से करावल नगर, हसनपुर, ताजपुर खुर्द, यमुना विहार, रणहौला, कमरुद्दीन नगर, विकासपुरी, कमरुद्दीन नगर में सीवर लाइनें और घरेलू कनेक्शन बिछाई जाएंगी।
कूड़े के पहाड़ कब होंगे खत्म?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'आप' के कार्यकाल में कूड़े के बड़े-बड़े पहाड़ हो गए। उन्होंने दावा किया कि 1 जनवरी, 2028 तक दिल्ली में सभी कूड़े के पहाड़ खत्म कर दिए जाएंगे। अमित शाह ने कहा कि कूड़े के पहाड़ वाली जगहों पर सुंदर बगीचा भी बनेगा।
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार ने यमुना की सफाई के लिए एक सिस्टमेटिक एक्शन प्लान तैयार किया है। इसमें 22 प्रमुख और 200 छोटे नालों पर एसटीपी का निर्माण शामिल है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।