ABES Girls Hostel: गर्ल्स हॉस्टल के बेसमेंट में भरा पानी, तैरता नजर आया सामान, देखें वीडियो

ABES Girls Hostel: गाजियाबाद के एबीईएस कॉलेज के बेसमेंट में चल रहे गर्ल्स हॉस्टल में जलभराव हो गया। छात्राओं के कपड़े और दस्तावेज आदि खराब हो गए। इसकी वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

Updated On 2025-07-31 17:44:00 IST

एबीईएस कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में भरा पानी।

ABES Girls Hostel: दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक्टिव है। नोएडा, गुरुग्राम, दिल्ली और गाजियाबाद में भारी बारिश हो रही है। इसके कारण जगह-जगह पर जलभराव है। कई सोसायटियों के बेसमेंट में बनी पार्किंग में गाड़ियां तैरती नजर आईं। वहीं गाजियाबाद के एबीईएस कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में भी भारी जलभराव हो गया। हैरानी की बात ये है कि ये गर्ल्स हॉस्टल एक बेसमेंट में चल रहा है। इस घटना की कुछ फोटोज और वीडियोज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

इन वीडियोज में देखा जा सकता है कि जमीन पर पूरी तरह से घुटनों तक पानी भरा हुआ है। छात्राओं का सारा सामान उस पानी में भीग रहा है। इतना ही नहीं कई छात्राओं के डॉक्यूमेंट्स तक पानी में खराब हो गए।

इस घटना की कई वीडियोज सोशल मीडिया पर हैं। इनमें से एक वीडियो काफी भयावह है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बारिश का पानी तेजी से बेसमेंट में जा रहा है। दो छात्राएं खुद को बचाते हुए ऊपर की तरफ आ रही हैं। इस वीडियो को देखकर दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में हुए हादसे का भयावह मंजर याद आ गया।

बता दें कि दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में बारिश का पानी भर गया था। इस दौरान लाइब्रेरी में लगभग 35 अभ्यर्थी पढ़ रहे थे। लगभग 32 छात्र वहां से निकल आए लेकिन 3 छात्र वहां फंस गए थे। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई थी। ये घटना लगभग एक साल पहले घटित हुई थी। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी एबीईएस कॉलेज प्रशासन की नींद नहीं खुली। इन लोगों ने बेसमेंट में कमरे बनाए हुए हैं और उसमें गर्ल्स हॉस्टल बनाया है।

छात्राओं और अभिभावकों ने प्रशासन से इस स्थिति के समाधान की अपील की है। हालांकि कॉलेज प्रशासन द्वारा जल निकासी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थिति को सामान्य करने कते हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हालांकि गर्ल्स हॉस्टल में पानी भरने की वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स कॉलेज प्रशासन के प्रति नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठाया कि दिल्ली में इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी प्रशासन ने कोई सबक क्यों नहीं लिया? इस हादसे में छात्राओं के कपड़े, डॉक्यूमेंट्स आदि बर्बाद हो गए। सवाल उठाया गया कि अगर पानी में करंट आ जाए, तो जिम्मेदार कौन होगा? इस हादसे में अगर किसी की मौत हो जाए, तो जिम्मेदार कौन होगा? कॉलेज प्रशासन लाखों की फीस वसूलते हैं लेकिन इसके बावजूद कोई सेफ्टी प्लान नहीं है। 

Tags:    

Similar News