विश्व पर्यावरण दिवस: बलौदाबाजार में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान की शानदार शुरुआत, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर बलौदाबाजार जिले में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। पर्यावरण के संरक्षण के लिए जिले भर में वन विभाग की अगुवाई में व्यापक अभियान चलेगा।

Updated On 2025-06-05 12:51:00 IST

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत किया गया पौधरोपण

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर जिलेभर में वन विभाग के द्वारा समन्वित रूप से पौधारोपण की शुरुआत की गई। इस दौरान जिला कलेक्टर दीपक सोनी ने एक पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।

कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि, एक पेड़ माँ के नाम एक अभिनव एवं भावनात्मक पहल है जो समाज को प्रकृति से जोड़ने का एक प्रभावशाली माध्यम बन रही है। पेड़ सिर्फ ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने, वर्षा लाने, जैव विविधता को संरक्षित करने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने में सहायक है। कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष अशोक जैन, सभी पार्षदगण, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएँ, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पर्यावरण की रक्षा करना नैतिक कर्तव्य- कलेक्टर
कलेक्टर ने कहा- पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं, हमें इन पौधों की देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। हम जितने अधिक पौधे लगाएँगे, आने वाली पीढ़ियों को उतना ही स्वच्छ और सुरक्षित जीवन मिलेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि, आने वाले समय में जिले में बड़े पैमाने पर जल-संवर्धन और वृक्षारोपण को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसमें स्कूल, कॉलेज, पंचायत, समाजसेवी संगठन और सरकारी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

बलौदाबाजार जिले में बनेगा ऑक्सीजन ज़ोन- नगरपालिका अध्यक्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि, बलौदाबाजार जिले को जल्द ही एक ऑक्सीजन ज़ोन के रूप में विकसित किया जाएगा। जिससे जिलेवासियों को हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण की स्थायी सौगात प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि, नगर पालिका पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और नागरिकों को भी इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।

वन परिक्षेत्रों में लगाये गए हजारों पेड़
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। बताया गया कि, पूरे जिले की सभी वन परिक्षेत्रों में एक पेड़ माँ के नाम के तहत एकसाथ हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं। इस दौरान स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को पर्यावरण की महत्ता और पौधों की देखरेख के संबंध में जागरूक किया गया।

Tags:    

Similar News