नशे में धुत्त लड़के-लड़कियों ने मचाया उत्पात: जमकर चले लात-घूंसे, देखिए VIDEO
गुरुवार रात महादेव घाट के पास लड़के और लड़कियों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
लड़के-लड़कियों के बीच जमकर हुई मारपीट
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़के और लड़कियों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो रही है। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के महादेव घाट की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर और कोरबा क्षेत्र की लड़कियां पार्टी करके वापस आ रही थीं। इसी दौरान महादेव घाट में मौजूद लड़कों ने उनपर अभद्र टिप्पणी की। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ा और बात मारपीट तक पहुंच गई। लड़कों ने लड़कियों पर हमला कर दिया, तभी अपना बचाव करते हुए लड़कियों ने भी लड़कों की जमकर पिटाई कर दी।
लड़कियों को आई गंभीर चोटें
मारपीट में कुछ लड़कियां लहूलुहान हो गई। बताया जा रहा है कि, एक लड़की के हाथ की उंगली लड़के ने काट दी। वहीं बाकी लड़कियों की भी नाक और सिर में गंभीर चोट आई है। लड़कियों ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और वीडियो के आधार पर आरोपी लड़कों की तलाश में जुट गए।
एसएसपी लेंगे क्लब और बार संचालकों की बैठक
रायपुर एसएसपी शुक्रवार शाम 4 बजे C4 कार्यालय में शहर के सभी क्लब और बार संचालकों की अहम बैठक लेंगे। इस बैठक में फ्री ड्रिंक फॉर वुमन स्कीम पर रोक लगाने को लेकर चर्चा होगी। लगातार बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं और शराब के नशे में धुत्त लड़कियों को उत्पात मचाता देख पुलिस प्रशासन इस पर फैसला लेगा।
बैठक में ये होंगे शामिल
पुलिस का मानना है कि, वीकेंड में क्लबों में भीड़ बढ़ने और शराब की अति से शहर में लगातार अपराध दर बढ़ रहा है। खासकर महिलाओं को मुफ्त शराब देने की स्कीम से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में इस तरह की स्कीम्स पर रोक लगाने के बारे में विचार किया जाएगा। एसएसपी की इस बैठक में पुलिस के आला अधिकारी, क्लब संचालक और सुरक्षा से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।