बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़: भोरमदेव में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करेंगे सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सावन मास के तीसरे सोमवार को भोरमदेव मंदिर परिसर पहुंचकर कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे।
मंदिर में भक्त जलाभिषेक कर बेल पत्र और पुष्प अर्पित कर रहे
रायपुर। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में स्थित बाबा भोरमदेव धाम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा के माध्यम से स्वागत करेंगे। बताया जा रहा है कि, यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मुख्यमंत्री स्वयं श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा से स्वागत कर रहे हैं। इसके साथ ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा एवं अरुण साव भी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सावन मास के तीसरे सोमवार को हेलीकॉप्टर से भोरमदेव मंदिर परिसर पहुंचकर कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, भक्तों एवं कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़ समेत विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुँचते है।
बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़
राजधानी रायपुर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का ताता लगा हुआ है। बड़ी संख्या में भगवान शिव के दर्शन करने लोग पहुंच रहे। बताया जा रहा है कि, बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भी शिवभक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। शिवभक्त जलाभिषेक कर बेल पत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर रहे। रायपुर के इस शिव मंदिर का इतिहास 602 साल पुराना है।