पेंड्रा जिले के नाम नया रिकॉर्ड: रक्त शक्ति महाभियान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में हुआ दर्ज, कलेक्टर हुईं सम्मानित
पेंड्रा जिले का नाम रक्त शक्ति महाभियान में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर लीना मंडावी को प्रमाण पत्र प्रदान करती हुईं गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की स्टेट हेड सोनल शर्मा
आकाश पवार -पेंड्रा। पेंड्रा जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। रक्त शक्ति महाअभियान के तहत जिले में 26 जून को एक ही दिन में 51 हजार 727 महिलाओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट करवाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम हुआ है। जिले की कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की स्टेट हेड सोनल राकेश शर्मा ने प्रमाण पत्र प्रदान किया है।
दरअसल, महिला बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में रक्त शक्ति महाभियान आयोजित किया गया था। जिले की कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के नेतृत्व मे यह महाभियान चलाया गया था। इस अभियान मे जिले की 13 से 45 वर्ष की बालिकाओं औऱ महिलाओं को शामिल किया गया, जिसमें इन्होने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
एनीमिया मुक्त अभियान बनाना उद्देश्य
इस अभियान का उद्देश्य जिले को एनीमिया मुक्त बनाना है। जिसके तहत 13 से 45 वर्ष की बालिकाओं औऱ महिलाओ का हीमोग्लोबिन टेस्ट कर खून की कमी का पता लगाया गया। कलेक्टर ने बताया कि जिन बालिकाओं और महिलाओं के शरीर में रक्त की कमी है। जो एनीमिया से ग्रसित है, उनके स्वास्थ्य सुधार के लिये कार्य योजना बनाई जायेगी।