पदाधिकारियों की उम्र तय: छत्तीसगढ़ भाजयुमो में 'अंडर 35' को ही मिलेंगे पद, नहीं चलेंगे ओवरएज
प्रदेश भाजपा संगठन में अगले माह भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी बनेगी। वहीं जिलों में भी भाजयुमो के अध्यक्ष तय होंगे।
भाजपा कार्यालय (फाइल फोटो)
रायपुर। प्रदेश भाजपा संगठन में अगले माह भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी बनेगी तो इसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए अध्यक्ष की भी नियुक्ति होगी। इसके बाद जहां भाजयुमो की प्रदेश कार्यकारिणी बनेगी, वहीं जिलों में भी भाजयुमो के अध्यक्ष तय होंगे। इस बार तय है कि संगठन चुनाव में जिस तरह से मंडल अध्यक्ष के लिए 45 साल और जिलाध्यक्ष के लिए 60 साल के उम्र की बाध्यता थी, उसी तरह से भाजयुमो अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के लिए अंडर 35 साल की बाध्यता रहेगी। पिछली बार प्रदेश भाजयुमो की कार्यकारिणी में ओवरएज को पदाधिकारी बनाने के कारण बड़ा विवाद हुआ था। ओवरएज को बाहर करने की भी तैयारी थी, लेकिन ऐन समय पर भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के बदले जाने के कारण मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन इस बार भाजपा संगठन के चुनाव को लेकर बहुत गंभीर है। बीते साल सितंबर में भाजपा के सदस्यता अभियान के बाद प्रदेश संगठन के चुनाव हुए तो इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि किसी भी हाल में मंडलों के अध्यक्षों की उम्र 45 साल से ज्यादा न हो। कुछ स्थानों पर तो जिनके नाम का समर्थन भाजपा के दिग्गज नेताओं ने किया था, उनकी उम्र ज्यादा होने के कारण उनको भी अध्यक्ष नहीं बनाया गया। इससे साफ है कि भाजपा इस बार कितनी गंभीर है। इसी तरह से जिलाध्यक्षों को लेकर भी 60 साल की उम्र सीमा का ध्यान रखा गया। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी के साथ कुछ जिलों के अध्यक्षों को भी बाहर करने की तैयारी हो गई थी, लेकिन डी. पुरंदेश्वरी के प्रदेश प्रभारी के पद से हटने के बाद अंततः यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। पिछली बार के विवाद को देखते हुए इस बार प्रदेश संगठन ने पूरी सावधानी रखने का फैसला किया है। ऐसे में तय है कि इस बार भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के साथ जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में अंडर 35 पर ही फोकस होगा।
अंडर 35 ही बनेंगे पदाधिकारी
यह बात तय है कि भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष की कमान जिनको दी जाएगी, उनकी उम्र 35 साल से अंदर ही होगी। पिछली बार भी पहले अमित साहू को अंडर 35 होने के कारण अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन भाजयुमो की प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर बड़ा विवाद हुआ। भाजपा के दिग्गज नेताओं के कहने पर कार्यकारिणी में कुछ ओवरएज नेताओं को पद दे दिए गए, लेकिन इसकी शिकायत उस समय की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी तक गऽई तो उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी के साथ पूरे प्रदेश के जिलाध्यक्षों की कुंडली भी बनवा ली।