रामलला के चरणों में साय मंत्रिमंडल : विष्णु ने मंत्रियों के साथ किए रामलला के दर्शन

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल और प्रदेश संगठन के नेताओं के साथ श्री रामलला के दर्शन किए।

Updated On 2024-07-14 10:49:00 IST
रामलला के दर्शन करते हुए साय मंत्रिमंडल

रायपुर। अयोध्या धाम में पवित्र राम जन्मभूमि में शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल और प्रदेश संगठन के नेताओं के साथ श्री रामलला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर भांचा राम के ननिहाल से उपहार स्वरूप शबरी माता की भूमि शिवरीनारायण से बेर, पवित्र जल, विष्णु भोग का चावल, अनरसा, करी लड्डू तथा कोसे के वस्त्र प्रभु को अर्पित किए। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में नारा गूंज उठा, छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय श्री राम, जय श्री राम। श्री साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने रामलला को साष्टांग प्रणाम किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रभु श्रीराम से छत्तीसगढ़ के लोगों की सुख समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा, हम लोग पूरी कैबिनेट के साथ श्री रामलला के दर्शन के लिए आज अयोध्या धाम आए हैं। भगवान श्रीराम हमारे छत्तीसगढ़ के भांजे हैं। भांचा राम के दर्शन के लिए हम लोग बहुत उत्सुक थे।

सरयू नदी और हनुमानगढ़ी के भी दर्शन

अयोध्या दौरे में श्री साय और उनका मंत्रिमंडल सरयू नदी के घाट और हनुमान गढ़ी भी गया। श्री साय ने कहा, अयोध्या में मोक्षदायिनी मां सरयू की अविरल धारा के साक्षात दर्शन पाकर, उसकी पूजा-अर्चना कर धन्य महसूस कर रहा हूं, साथ ही अलौकिक आनंद की अनुभूति हो रही है। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में मंत्रिमंडल के साथ प्रभु श्रीराम के परमभक्त, संकटमोचक भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर जगत के कल्याण और समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

ये रहे साथ में

मुख्यमंत्री श्री साय के साथ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, खेल मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। इसके साथ ही भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहे। श्री साय और उनका मंत्रिमंडल शाम को करीब सात बजे अयोध्या से वापस रायपुर लौटा।

Similar News