बरमकेला में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार: पारदर्शी व्यवस्था से किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सेवा सहकारी समिति बड़े नावापारा में धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ा ली। धान खरीदी की लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ा रहा है।

Updated On 2025-12-30 16:57:00 IST

धान बेचते हुए किसान

देवराज दीपक - सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सेवा सहकारी समिति बड़े नावापारा में इस खरीफ सीजन धान खरीदी ने नया उत्साह पैदा कर दिया है। सहकारी समिति क्षेत्र में कुल 1149 पंजीकृत किसान हैं, जिनसे इस वर्ष लगभग 70 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ते हुए अब तक करीब 36 हजार क्विंटल धान की खरीदी सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है, जिसमें लगभग 560 किसान अपना धान बिक्री कर चुके हैं।

धान खरीदी की यह पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा बनाए गए समिति अध्यक्ष और प्रशासन द्वारा तैनात नोडल अधिकारी की सतत मौजूदगी में संचालित की जा रही है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार, तौल, पंजीयन, भुगतान और भंडारण की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया है, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। समय पर तौल और स्पष्ट प्रक्रिया के कारण किसान संतोष और भरोसे के साथ अपनी उपज समिति में ला रहे हैं।


प्रशासनिक निगरानी से अनियमितताओं पर लगाम
धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता न हो, इसके लिए कलेक्टर संजय कन्नौजे स्वयं लगातार दौरे पर हैं। वे खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दे रहे हैं कि किसानों के हितों से कोई समझौता न हो। कलेक्टर की सक्रियता का ही परिणाम है कि पूरे जिले में धान खरीदी सुचारु, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रही है।

किसानों में भरोसा, व्यवस्था पर संतोष
सेवा सहकारी समिति बड़े नावापारा में बेहतर व्यवस्था के चलते किसानों में शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। किसानों का कहना है कि, इस बार खरीदी प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सरल, तेज और पारदर्शी है। न तो अनावश्यक देरी हो रही है और न ही किसी प्रकार की कटौती या अव्यवस्था की शिकायत सामने आ रही है। कुल मिलाकर, बरमकेला ब्लॉक में धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए राहत और भरोसे का संदेश लेकर आई है।


किसानों को मिलेगा लाभ
प्रशासन की सख्ती, समिति की सक्रियता और शासन की स्पष्ट गाइडलाइन के चलते जिले में धान खरीदी अपने लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर है, जिससे आने वाले दिनों में शेष किसानों को भी अपनी उपज बेचने में पूरा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News