रील बनाना पड़ा भारी : जलप्रपात में गिरा युवक, चौथे दिन गहराई में फंसी मिली लाश

छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर गौरघाट जलप्रपात में रील बनाने के दौरान डूबे युवक का शव 4 दिन बाद बरामद कर लिया गया है।

Updated On 2025-01-19 16:01:00 IST
रेस्क्यू टीम

प्रवीन्द्र सिंह- बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर गौरघाट जलप्रपात में रील बनाने के दौरान डूबे युवक का शव 4 दिन बाद बरामद कर लिया गया है। इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को जलप्रपात के ऊपरी हिस्से से छलांग लगाते हुए देखा जा सकता है। 

बताया जा रहा है कि, मसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम दुबछोला बड़कापारा का रहने वाला लड़का राहुल (22) अपने दोस्तों के साथ गौरघाट जलप्रपात घूमने गया था। इस दौरान वह रील बनाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि, राहुल जलप्रपात के ऊपरी हिस्से से छलांग लगाता है और पानी के तेज बहाव में बह जाता है। उसके दोस्तों ने तुरंत मदद के लिए शोर मचाया लेकिन तब तक राहुल गहरे पानी में समा चुका था। 

चार दिन बाद मिला राहुल का शव

चार दिनों तक चलाया गया तलाशी अभियान 

घटना के बाद राहुल के परिजन और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू शूरू किया। कोरिया, सूरजपुर और अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने चार दिनों तक तलाशी अभियान चलाया। लंबे समय की कोशिश के बाद राहुल का शव जलप्रपात के नीचे फंसा हुआ मिला। 

खतरनाक जगहों पर न करें स्टंटबाजी 

इस घटना ने गौरघाट जलप्रपात की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़ा किया है। प्रशासन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और लोगों से अपील की है कि, वे जलप्रपात जैसे खतरनाक जगहों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी से बचें। अधिकारियों ने कहा कि, मनोरंजन के लिए अपनी जान खतरे में न डालें। इस घटना से सभी को सबक लेना चाहिए। 

परिजनों ने जलप्रपात में सुरक्षा बढ़ाने की रखी मांग 

वहीं राहुल के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पर्शासन से मांग की है कि, जलप्रपात में सुरक्षा के और भी कड़े इंतजाम किए जाएं। लोगों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले युवाओं को समझाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। 

Similar News